Delhi Saheli Smart Card: दिल्ली में महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा अब 'सहेली स्मार्ट कार्ड' के जरिए दी जाएगी। रेखा गुप्ता सरकार, आम आदमी पार्टी शासन के दौरान शुरू किए गए ‘पिंक टिकट’ को बंद करके इस नई योजना को लागू कर रही है। इस योजना में 12 वर्ष से अधिक आयु की दिल्ली निवासी महिलाएं और ट्रांसजेंडर समुदाय अब DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।
इस योजना का लाभ 12 वर्ष से अधिक आयु की दिल्ली निवासी महिलाएं, किशोरियां और ट्रांसजेंडर ले सकेंगे। (image-istock)
कौन उठा सकता है फायदा?
इस योजना का लाभ 12 वर्ष से अधिक आयु की दिल्ली निवासी महिलाएं, किशोरियां और ट्रांसजेंडर ले सकेंगे। उन्हें अपने नाम और फोटो वाला ‘सहेली स्मार्ट कार्ड’ प्रदान किया जाएगा। यह कार्ड गुलाबी टिकट की जगह लेगा और AFCS मशीन से एक्टिवेट करना अनिवार्य होगा।
कैसे करेगा यह कार्ड काम?
यह कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) फ्रेमवर्क के तहत जारी होगा।
डीटीसी और क्लस्टर बसों में सफर के लिए AFCS मशीन से कार्ड को एक्टिवेट करना अनिवार्य होगा।
अन्य परिवहन साधनों में उपयोग के लिए कार्ड में टॉप-अप कराना होगा।
रजिस्ट्रेशन और डॉक्यूमेंट्स
DTC पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और बैंक में KYC प्रोसेस आवश्यक है। रजिस्ट्रेशन के बाद कार्ड डाक के माध्यम से घर तक पहुंचाया जाएगा। खो जाने पर डुप्लिकेट कार्ड भी जारी कराया जा सकता है।
आवश्यक डॉक्यूमेंट्स
- आधार कार्ड
- पैन कार्ड
- निवास प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट साइज फोटो
दिल्ली सरकार ने कहा कि ये कार्ड महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए सुरक्षित, सुगम और पेपरलेस सार्वजनिक परिवहन का नया दौर शुरू करेंगे। सरकार यात्रियों से यात्रा के लिए कोई शुल्क नहीं लेगी, लेकिन जारीकर्ता बैंक अपनी नीतियों के अनुसार मामूली कार्ड जारी करने या रखरखाव शुल्क लगा सकते हैं।
