Bharat Gaurav Trains 2026: अगर आप लंबे समय से किसी धार्मिक यात्रा पर जाने का सोच रहे हैं, लेकिन ट्रेन टिकट, होटल बुकिंग, खाने-पीने और घूमने की प्लानिंग को लेकर परेशान हैं, तो अब आपके लिए अच्छी खबर है। दक्षिण मध्य रेलवे और आईआरसीटीसी (IRCTC) ने इस गर्मी के मौसम में खास भारत गौरव टूरिस्ट समर स्पेशल ट्रेनें (Summer Special Trains)शुरू की हैं। ये ट्रेनें अप्रैल से जून के बीच चलेंगी। इनका उद्देश्य यात्रियों को एक आसान, सुरक्षित और पूरी तरह व्यवस्थित तीर्थ यात्रा का अनुभव देना है, जिसमें करीब सारी व्यवस्था पहले से की गई होती है।
क्या है भारत गौरव ट्रेन योजना?
भारत गौरव ट्रेनें खास तौर पर तीर्थ यात्राओं के लिए डिजाइन की गई हैं। इन पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की सुविधा, बस से स्थानीय दर्शन, तीन वक्त का खाना, पीने का पानी, टूर गाइड और ट्रैवल इंश्योरेंस शामिल होता है। यानी आपको अलग से कुछ भी प्लान करने की जरूरत नहीं पड़ती। ट्रेन के डिब्बों में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा कर्मी भी मौजूद रहेंगे, जिससे यात्रा और भी सुरक्षित बनती है।
पहला पैकेज: अयोध्या-काशी के साथ बैद्यनाथ धाम
यह यात्रा 28 अप्रैल से 7 मई तक चलेगी और कुल 10 दिन की होगी। इस दौरान यात्री Puri, Konark Sun Temple, Baidyanath Dham, Varanasi, Ayodhya और Prayagraj जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। इस पैकेज का किराया स्लीपर क्लास के लिए ₹16,700, 3AC के लिए ₹26,100 और 2AC के लिए ₹34,100 रखा गया है।
दूसरा पैकेज: हरिद्वार-वैष्णो देवी-ऋषिकेश यात्रा
यह यात्रा 12 मई से 21 मई तक होगी। इसमें Mathura, Vrindavan, Vaishno Devi Temple, Haridwar और Rishikesh शामिल हैं। इस टूर का किराया स्लीपर के लिए ₹16,500, 3AC के लिए ₹25,700 और 2AC के लिए ₹33,400 है।
तीसरा पैकेज: दिव्य दक्षिण यात्रा
दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा 24 मई से 31 मई तक आयोजित की जाएगी। इसमें Tiruvannamalai, Rameswaram, Madurai, Kanyakumari, Tiruchirappalli, Thanjavur और Chidambaram जैसे स्थान शामिल हैं। इस यात्रा का किराया स्लीपर के लिए ₹14,500, 3AC के लिए ₹21,700 और 2AC के लिए ₹27,900 रखा गया है।
चौथा पैकेज: यमुना पुष्करालु के लिए अयोध्या-काशी स्पेशल
यह स्पेशल ट्रेन 3 जून से 12 जून तक चलेगी। इसमें वही रूट शामिल है जो पहले पैकेज में है, यानी Puri से लेकर Prayagraj तक के प्रमुख तीर्थ स्थल। इस पैकेज का किराया भी पहले वाले पैकेज के समान ही रखा गया है।
कैसे करें बुकिंग?
इन टूर पैकेज की बुकिंग IRCTC की आधिकारिक टूरिज्म वेबसाइट के जरिए की जा सकती है। इसके अलावा जानकारी के लिए 9701360701, 9281030727 या 9281030759 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

भारत गौरव ट्रेनें: इस गर्मी शानदार तीर्थ यात्रा का मौका (तस्वीर-istock)
आसान और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प
भारत गौरव ट्रेनें उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प हैं जो बिना ज्यादा परेशानी के धार्मिक यात्रा करना चाहते हैं। परिवार या समूह के साथ यात्रा करने वालों के लिए यह एक किफायती और सुविधाजनक पैकेज है। आपको सिर्फ अपनी पसंद का रूट चुनना है, टिकट बुक करना है और तय तारीख पर यात्रा के लिए तैयार रहना है।
