Term Insurance Policy : टर्म इंश्योरेंस को जीवन बीमा का सबसे शुद्ध रूप माना जाता है। कम प्रीमियम में आपको उच्च कवरेज मिलता है, जो आपकी अनुपस्थिति में आपके परिवार की आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करता है। लेकिन क्योंकि ये पॉलिसी जीवन भर चलती है, इसलिए खरीदते समय लिए गए फैसले काफी मायने रखते हैं। कई लोग जल्दबाजी में केवल कम प्रीमियम या तेजी से बिकने वाले ऑफर देखकर पॉलिसी खरीद लेते हैं और बाद में पछताते हैं।
टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी (तस्वीर-istock)
कवरेज की जरुरत को कम आंकना
यह सबसे आम गलती है। सिर्फ प्रीमियम कम रखने के लिए लोग कम सम एश्योर्ड (बीमा राशि) वाली पॉलिसी ले लेते हैं। एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि आपको अपनी सालाना आय का 10–15 गुना कवरेज लेना चाहिए ताकि लोन रोजमर्रा के खर्च और बच्चों की शिक्षा जैसी जरूरतें पूरी हो सकें। अगर आप यहां कंजूसी करते हैं, तो बीमा क्लेम मिलने के बाद भी आपके परिवार को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
गलत पॉलिसी अवधि चुनना
कई लोग छोटी अवधि की पॉलिसी इसलिए चुनते हैं क्योंकि उसका प्रीमियम कम होता है। लेकिन अगर आपकी पॉलिसी की अवधि खत्म हो जाती है और आपके ऊपर अभी भी जिम्मेदारियां या लोन बाकी हैं, तो नई पॉलिसी लेना महंगा हो जाएगा क्योंकि उम्र बढ़ने के साथ प्रीमियम भी बढ़ता है। पॉलिसी की अवधि को अपनी रिटायरमेंट उम्र तक रखना समझदारी मानी जाती है।
हेल्थ या लाइफस्टाइल की जानकारी छिपाना
कुछ लोग प्रीमियम कम कराने के लिए अपनी स्वास्थ्य स्थिति, धूम्रपान की आदत या पहले से मौजूद बीमारियों को छिपा लेते हैं। यह भारी पड़ सकता है। अगर क्लेम के समय बीमा कंपनी को कोई गलत जानकारी पता चलती है, तो क्लेम रिजेक्ट हो सकता है। शुरू से पारदर्शिता बरतना आपके परिवार के हित में होता है।
राइडर्स और ऐड-ऑन्स को नजरअंदाज करना
क्रिटिकल इलनेस, एक्सीडेंटल डेथ या डिसएबिलिटी जैसे राइडर्स आपकी टर्म पॉलिसी को और मजबूत बना सकते हैं। बहुत से लोग केवल बेस कवरेज पर ध्यान देते हैं और इन अतिरिक्त विकल्पों को नजरअंदाज कर देते हैं। हालांकि हर राइडर जरूरी नहीं होता, लेकिन सही राइडर्स आपको अनपेक्षित हालात में अहम सुरक्षा दे सकते हैं।
पॉलिसी की समय-समय पर समीक्षा नहीं करना
एक बार खरीदी गई पॉलिसी सालों तक बिना देखे छोड़ दी जाती है। लेकिन जीवन में समय के साथ जिम्मेदारियां बदलती हैं। शादी, बच्चे, नए लोन आदि। अगर आप अपनी पॉलिसी को समय-समय पर अपडेट नहीं करते, तो जरूरत के समय वह पर्याप्त साबित नहीं हो सकती। हर कुछ साल में पॉलिसी की समीक्षा करना जरूरी है, ताकि वह आपकी वर्तमान स्थिति के अनुरूप बनी रहे।
