Ration card complaint: भारत सरकार की ओर से राशन वितरण में होने वाली गड़बड़ियों को रोकने और जनता को उनकी हक की राशन सामग्री दिलाने के लिए एक नई पहल ‘Anna Sahayata’ की शुरुआत की गई है। इस सेवा के माध्यम से अगर किसी भी राशन कार्ड धारक को तय मात्रा से कम राशन मिलता है या राशन वितरण में कोई समस्या आती है, तो वे तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं और वे तुरंत कार्रवाई की उम्मीद कर सकते हैं। यह कदम प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) के अंतर्गत लागू किया गया है, जिसका मकसद गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर पर्याप्त राशन उपलब्ध कराना है।
कम राशन मिले तो तुरंत इस वॉट्सऐप नंबर पर करें शिकायत (Photo: X handle/@fooddeptgoi)
Anna Sahayata’के माध्यम से कैसे करें शिकायत
इस सेवा के तहत कोई भी नागरिक राशन वितरण में आई किसी भी गड़बड़ी की शिकायत आसानी से कर सकता है। शिकायत दर्ज करवाने के लिए दो आसान विकल्प पेश किए गए हैं-
- WhatsApp पर +91 98682 00445 नंबर पर Hi मैसेज भेज सकते हैं।
- IVRS नंबर 14457 पर कॉल कर अपनी समस्या दर्ज करवा सकते हैं।
WhatsApp पर भाषा को चुनने के बाद अपने राशन कार्ड नंबर की जानकारी देने के साथ आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
ये दोनों ही तरीके यूजर्स के लिए सरल और तुंरत शिकायत दर्ज करने के रास्ते खोलते हैं, जिससे अधिकारियों को तुरंत समस्या का पता चलता है और वे आवश्यक कार्रवाई कर सकते हैं।
राशन वितरण में गड़बड़ी एक बड़ी समस्या
देश में कई परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राशन लेते हैं। सही मात्रा और समय पर राशन न मिलना उनके लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। कई बार राशन दुकान पर सामग्री की कमी या वितरण में भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं सामने आती हैं। इससे लोगों को उनकी जरूरत के मुताबिक राशन नहीं मिल पाता और उनकी दिनचर्या प्रभावित होती है।
सरकार का जोर शिकायत निवारण पर
सरकार ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ‘Anna Sahayata’ जैसी सेवा शुरू की है ताकि हर नागरिक को उसका हक मिले और राशन वितरण में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़े। शिकायतों पर तुंरत कार्रवाई से न केवल लोगों का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि राशन प्रणाली में सुधार भी होगा। इससे गड़बड़ी करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण रहेगा और सिस्टम बेहतर तरीके से काम करेगा।
किसे और कैसे मिलेगा लाभ
इस योजना का लाभ सीधे उन लोगों को मिलेगा जिन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अनाज, दाल, चीनी जैसे जरूरी सामान मिलते हैं। अगर राशन की मात्रा कम मिली या कोई और दिक्कत आई, तो ‘Anna Sahayata’ के जरिए वे बिना किसी झंझट के शिकायत कर सकते हैं।
