एलपीजी (LPG) उपभोक्ताओं को जून महीने की शुरुआत में एक और झटका लगा है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में तो इजाफा हुआ ही है, साथ ही 5 किलोग्राम वाले छोटू सिलेंडर की कीमत भी बढ़ी है। इंडेन के लोकप्रिय 5 किलोग्राम वाले ‘छोटू’ एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 11 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 1 जून 2026 से लागू हो गई हैं। राजधानी दिल्ली में अब यह सिलेंडर 821.50 रुपये में मिलेगा। इससे पहले अप्रैल और मई में भी इसकी कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी, जिसके चलते लगातार तीसरे महीने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।
प्रवासी और छोटे परिवारों के बीच है लोकप्रिय
5 किलो वाला छोटू गैस सिलेंडर खासतौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर लॉन्च किया गया था, जिनके पास स्थानीय पते का प्रमाण नहीं होता या जिनकी गैस खपत कम होती है। यह सिलेंडर छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, प्रवासी मजदूरों, छोटे परिवारों और सीमित जगह वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बीच काफी लोकप्रिय है।
लगातार तीन महीने बढ़ी कीमतें
इंडियन ऑयल ने जून 2026 में इस सिलेंडर की कीमत 11 रुपये बढ़ाई है। इससे पहले मई में 261 रुपये और अप्रैल में 51 रुपये की वृद्धि की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण छोटू सिलेंडर अब पहले की तुलना में काफी महंगा हो गया है।
दिल्ली में क्या हैं नई कीमतें?
दिल्ली में 5 किलो इंडेन छोटू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 821.50 रुपये हो गई है। वहीं, 5 किलो एक्स्ट्रालाइट एलपीजी सिलेंडर 339 रुपये में उपलब्ध है। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के 5 किलो सिलेंडरों की कीमतें उनके मॉडल और खरीद के तरीके के अनुसार अलग-अलग हैं।
मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में भी बढ़ीं दरें
देश के अन्य बड़े शहरों में भी 5 किलो एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव हुआ है। मुंबई में छोटू सिलेंडर की कीमत 809 रुपये से 823.50 रुपये के बीच है। कोलकाता में इसकी कीमत 858.50 रुपये तक पहुंच गई है, जबकि चेन्नई में यह 866 रुपये तक बिक रहा है। विभिन्न श्रेणियों के सिलेंडरों के अनुसार कीमतों में अंतर देखा जा रहा है।
कैसे लें छोटू गैस कनेक्शन?
इंडियन ऑयल के अनुसार, ग्राहक इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर, इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट, चुनिंदा किराना स्टोर और सुपरमार्केट से छोटू गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। नया कनेक्शन लेने के लिए केवल पहचान पत्र की आवश्यकता होती है। इसके लिए पते का प्रमाण या सुरक्षा जमा राशि देने की जरूरत नहीं होती।
रिफिल के लिए भी आसान प्रक्रिया
छोटू गैस सिलेंडर का रिफिल देशभर में किसी भी अधिकृत पॉइंट ऑफ सेल या इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर से लिया जा सकता है। इससे प्रवासी श्रमिकों और लगातार स्थान बदलने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलती है। इंडियन ऑयल का दावा है कि छोटू गैस सिलेंडर सुरक्षित, कम लागत वाला विकल्प है। कंपनी के अनुसार इसकी थर्मल दक्षता 68 प्रतिशत से अधिक है। इसका आकार भी सामान्य गैस सिलेंडर की तुलना में छोटा होता है, जिससे इसे कम जगह में आसानी से रखा जा सकता है।
