Commercial Cylinder Price Hike: देशभर में 1 जून से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें बढ़ गई हैं। सूत्रों के अनुसार दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर 42 रुपये महंगा हो गया है। अब इसकी कीमत 3,113.50 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3,255.50 रुपये हो गई है।
घरेलू LPG सिलेंडर के दाम नहीं बढ़ें
सूत्रों के मुताबिक, 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर के दाम भी बढ़ गए हैं। इसकी कीमत में 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब दिल्ली में इस सिलेंडर का रेट 821.50 रुपये हो गया है। हालांकि आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
देश में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी का पूरा स्टॉक
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक सरकार देश में ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने और भविष्य में किसी भी आपूर्ति संकट से निपटने के लिए रणनीतिक भंडारण (Strategic Reserve) को मजबूत करने पर काम कर रही है। सरकार ने तेल विपणन कंपनियों को निर्देश दिया है कि कम से कम 30 दिनों का एलपीजी स्टॉक बनाए रखें।
मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि फिलहाल देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक है। सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और एलपीजी का उत्पादन अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि कुछ जगहों पर पेट्रोल और डीजल की बिक्री में असामान्य बढ़ोतरी देखी गई है, जिसके पीछे की प्रमुख वजह कृषि संबंधी मांग और थोक खरीदारी है।
जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए कार्रवाई
सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए भी कड़ी कार्रवाई शुरू की है। बीते चार दिनों में एलपीजी पर 6,500 से अधिक छापे मारे गए हैं। इसके अलावा 5 एफआईआर दर्ज की गई हैं और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल ईंधन की आपूर्ति सामान्य है और लोगों को किसी तरह की घबराहट में खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।
