Pahalgam in Kashmir: गर फिरदौस बर-रू-ए-जमीं अस्त, हमीं अस्त ओ हमीं अस्त ओ हमीं अस्त। कहते हैं कि किसी ने ये शेर कश्मीर की खूबसूरती पर कहा था। इसी कश्मीर के राजधानी की शहरी आपाधापी से करीब 95 किलोमीटर पूरब बसा है एक छोटा शहर पहलगाम। इस हिल स्टेशन को कभी चरवाहों ने बसाया था, इसीलिए इसे चरवाहों की घाटी भी कहते हैं। अगर आप भी किसी वीकेंड यहां के ऊंचे देवदार के पेड़, बहती नदियां, घास के मैदान और पहाड़ों की खूबसूरती की तारीफ में कुछ दिन काटने आ रहे हैं, तो हम आपको बताते हैं कि पहलगाम में आप क्या कर सकते हैं।
pahalgam tour
पहलगाम में क्या करें (What To Do In Pahalgam)
अपने खूबसूरती की वजह से पहलगाम कश्मीर आने वाले पर्यटकों के लिए नंबर वन डेस्टिनेशन है। यहां आप वीकेंड में क्या कर सकते हैं हम आपको बताते हैं।
बेताब घाटी:
शांत माहौल में लिद्दर नदी के बहने की आवाज, चिड़ियों की चहचहाहट, ऊंचे-ऊंचे चीड़ और देवदारों और कभी न खत्म होने वाले पहाड़ों का नजारा काफी हद तक फिल्मी लग सकता है। लगे भी क्यों न, इस घाटी का नाम फेमस बॉलीवुड फिल्म बेताब फिल्म के नाम पर पड़ा था, जिसकी शूटिंग इन्हीं वादियों में हुई थी। वॉक करने, पिकनिक मनाने और फोटोग्राफी के लिए ये माकूल जगह है।
अरु घाटी:
अपने घास के मैदानों के लिए जानी जाने वाली किसी सुंदर सपने जैसी ये घाटी पहलगाम से करीब 12 किलोमीटर दूर है। आप यहां घोड़े की सवारी कर सकते हैं, जिपलाइनिंग, पैराग्लाइडिंग या रिवर-क्रॉसिंग जैसे एडवेंचर कर सकते हैं और कोलाहोइ ग्लेशियर ट्रेक जैसे कई ट्रेकिंग भी।
बैसरन घाटी:
मिनी स्विटजरलैंड के नाम से मशहूर घास के मैदानों वाली ये घाटी भी ट्रेकिंग के लिए परफेक्ट जगह हो सकती है। यहां खच्चरों की सवारी भी होती है, जिसके जरिए आप इस घाटी की खूबसूरती को और अच्छे तरीके से निहार सकते हैं।
पहलगाम में कहां रुकें (Where To Stay In Pahalgam)
पहलगाम में लग्जरी स्टे से लेकर कॉटेज तक सबकी व्यवस्था है। बजट के हिसाब हर तरह के टूरिस्ट के लिए यहां अच्छी रुकने की अच्छी जगहें मिल जाती हैं। किसी वीकेंड कम बजट में ही बस झोला कसकर निकल लिया है, तो यहां कई किफायती ऑप्शन भी हैं और अगर परिवार के साथ इत्मीनान से छुट्टियों के लिए आ रहे हैं, तो यहां हर तरह की सुविधाओं वाले होटल भी बड़े आराम से उपलब्ध हैं।
