Temples To Visit on New Year : नया साल हमेशा नई उम्मीदें, नए संकल्प और एक सकारात्मक शुरुआत लेकर आता है। इसलिए इसकी शुरुआत भी कुछ खास तरह से होनी चाहिए। ज्यादातर लोग नया साल सेलिब्रेट करने के लिए गोवा, शिमला-मनाली जैसी जगहों पर जाना पसंद करते हैं। लेकिन आप अपने नए साल की शुरुआत भक्ति, आशीर्वाद और सकारात्मकता के साथ करना चाहते हैं, तो आपको कुछ नया ट्राई करना चाहिए। भारत की आध्यात्मिक विरासत इतनी समृद्ध है कि यहां आपको अनेक ऐसे मंदिर देखने को मिल जाएंगे जहां अनोखी शांति और ऊर्जा से का आभास होता है। तो आप अपने नए साल की शुरुआत इन मंदिरों के दर्शन के साथ कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे मंदिर जहां आप दर्शन का प्लान बना सकते हैं।
मंदिर दर्शन के साथ नए साल की शुरुआत
काशी विश्वनाथ, वाराणसी
मां गंगा के किनारे बसे बनारस शहर का ऐतिहासिक मंदिर काशी विश्वनाथ नए साल में दर्शन के लिए सबसे अच्छा है। मान्यता है कि महादेव के दर्शन से जीवन में एक नई चेतना का संचार होता है। तो नए साल की शुरुआत के लिए काशी शहर से अच्छा क्या हो सकता है। यहां आप नए साल की सुबह गंगा स्नान के बाद काशी विश्वनाथ के दर्शन करें।
बद्रीनाथ धाम, उत्तराखंड
यदि आप नए साल पर उत्तराखंड जाने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको हिल स्टेशन घूमने के साथ बद्रीनाथ धाम घूमने का प्लान बनाना चाहिए। सर्दियों में बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद रहते हैं, लेकिन इस दौरान भगवान बद्रीनाथ की पूजन जोशीमठ में किया जाता है।
वैष्णो देवी, जम्मू-कश्मीर
पहाड़ों की खूबसूरती के साथ नए साल की शुरुआत करना चाहते हैं, तो जम्मू-कश्मीर का रुख करना चाहिए। साहस और भक्ति के संग नए साल की शुरुआत और मां वैष्णो देवी के दर्शन का बुलावा आपके लिए परफेक्ट हो सकता है। पहाड़ों के बीच ट्रैक करते हुए माता के दरबार तक पहुंचना खुद में एक आध्यात्मिक अनुभव होता है। श्रद्धा से भरे इस सफर के साथ आपकी नए साल की शुरुआत शानदार होगी।
