यात्रा

Mahavir Jayanti 2026: भारत के 5 सबसे प्रसिद्ध जैन मंदिर, जहां मिलेगा मन को सुकून और शांति

Mahavir Jayanti 2026: महावीर जयंती जैन धर्म का सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। यह दिन भगवान महावीर के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस बार महावीर जयंती का पर्व 31 मार्च को मनाया जा रहा है। इस पावन पर्व के मौके पर जानते हैं प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थलों के बारे में...

Image

देश के प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल

Mahavir Jayanti 2026: महावीर जयंती जैन धर्म का सबसे महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है। यह दिन भगवान महावीर के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। वहीं साल 2026 में भी यह पर्व 31 मार्च के दिन पूरे श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है।। इस खास अवसर पर लोग जैन मंदिरों और तीर्थ स्थलों की यात्रा कर आध्यात्मिक शांति और पुण्य अर्जित करते हैं। अगर आप भी देश के प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थलों पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको देश के ये 5 प्रसिद्ध जैन मंदिर और तीर्थ स्थलों पर जरूर घूम आना चाहिए। यहां जाकर न केवल आपको अध्यात्मिक शांति का अनुभव होगा, बल्कि आपको जैन धर्म को करीब से जानने का मौका भी मिलेगा।

पालीताना, गुजरात

गुजरात के भावनगर जिले में मौजूद पालीताना मंदिर जैन धर्म का सबसे पवित्र तीर्थ स्थल माना जाता है। शत्रुंजय पर्वत पर बने इस परिसर में 800 से अधिक मंदिर हैं। इस तीर्थ स्थल तक पहुंचने के लिए करीब 3,800 सीढ़ियों की चढ़ाई करनी पड़ती हैं। इस तीर्थ की यात्रा भक्तों के लिए एक आध्यात्मिक साधना का अनुभव बन जाती है।

श्रवणबेलगोला, कर्नाटक

कर्नाटक स्थित श्रवणबेलगोला अपनी 57 फीट ऊंची गोम्मटेश्वर (बाहुबली) की प्रतिमा के लिए विश्व प्रसिद्ध है। हर 12 साल में महामस्तकाभिषेक का आयोजन होता है, जो जैन धर्म का एक प्रमुख धार्मिक उत्सव है।

दिलवाड़ा, राजस्थान

राजस्थान के माउंट आबू जिले में स्थित दिलवाड़ा के जैन मंदिर अपनी शानदार संगमरमर की नक्काशी के लिए प्रसिद्ध हैं। इन मंदिरों की बारीक कारीगरी और शांत वातावरण श्रद्धालुओं को गहरी आध्यात्मिक शांति की अनुभूति कराता है।

रणकपुर, राजस्थान

राजस्थान के पाली जिले में मौजूद रणकपुर जैन मंदिर, जैन तीर्थंकर आदिनाथ जी को समर्पित है। यह सबसे बड़े जैन मंदिरों में से एक है। यह मंदिर अपनी 1,444 खूबसूरत स्तंभों के लिए प्रसिद्ध है, जिनमें हर एक स्तंभ की डिजाइन अलग है।

शिखरजी, झारखंड

शिखरजी जिसे सम्मेद शिखरजी के नाम से भी जाना जाता है, यह झारखंड के पारसनाथ पर्वत पर स्थित जैन धर्म के सबसे पवित्र तीर्थों में से एक है। मान्यता है कि यहां 20 से अधिक जैन तीर्थंकरों ने मोक्ष प्राप्त किया था। यह स्थान जैन श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पवित्र और श्रद्धा का केंद्र है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article