Cambodia Tourism: कंबोडिया घूमने का ये बेस्ट टाइम है। कंबोडिया में खमेर नववर्ष, जिसे स्थानीय भाषा में 'चौल छनाम थमे' कहा जाता है, हर साल अप्रैल के मध्य में बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। यह त्योहार फसल कटाई के मौसम के खत्म होने और नए सौर वर्ष की शुरुआत का प्रतीक होता है। यह उत्सव तीन दिनों तक चलता है और इसमें कंबोडिया की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं और धार्मिक आस्था साफ झलकती है। परिवार के साथ या फिर सोलो ट्रिप पर यात्रा करने का आप प्लान कर सकते हैं।
पहला दिन: महा सांक्रान
नववर्ष का पहला दिन महा सांक्रान कहलाता है। इस दिन लोग नए और साफ-सुथरे कपड़े पहनते हैं और मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करते हैं। लोग अपने हाथ-पैर और शरीर को पानी से धोते हैं, जिसे शुद्धता और नएपन का प्रतीक माना जाता है।
दूसरा दिन: विरक वानाबट
दूसरा दिन दान-पुण्य और आभार का दिन होता है। इस दिन लोग गरीबों की मदद करते हैं और मठों में जाकर अपने पूर्वजों को याद करते हैं। कई लोग इस दिन रेत के छोटे-छोटे ढेर बनाते हैं, जो बुद्ध और उनके अनुयायियों के प्रति श्रद्धा जताने का तरीका होता है।
तीसरा दिन: विरक लोउंग साक
तीसरे दिन पुराने साल को विदा किया जाता है और नए साल का स्वागत किया जाता है। इस दिन लोग बुद्ध की मूर्तियों पर सुगंधित पानी डालकर उन्हें स्नान कराते हैं, जो बुराई से बचाव और शुभ शुरुआत का संकेत होता है। इसके बाद लोग संगीत, नाच-गाने और उत्सव के साथ नए साल का जश्न मनाते हैं।
पानी का महत्व
इस पूरे त्योहार में पानी का खास महत्व होता है। यह सिर्फ सफाई का ही नहीं बल्कि रिश्तों को मजबूत करने और खुशहाली का भी प्रतीक है। हालांकि, 2023 से कंबोडिया सरकार ने पानी से होने वाले वॉटर फाइट पर रोक लगा दी है ताकि व्यवस्था और सुरक्षा बनी रहे।
कुल मिलाकर, कंबोडिया का नववर्ष सिर्फ एक त्योहार नहीं है बल्कि एक गहरा सांस्कृतिक और धार्मिक अनुभव है। यह लोगों को एक-दूसरे से जोड़ता है और नई शुरुआत की उम्मीद देता है।
