Budget Family Trips: अगर आप परिवार के साथ दक्षिण भारत की किसी ऐसी हिल स्टेशन ट्रिप की योजना बना रहे हैं, जहां भीड़ कम हो और बजट भी ना बिगड़े, तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है। आज हम आपको बताएंगे ऐसी 5 जगहों के बारे में जो प्राकृतिक खूबसूरती, शांत माहौल और परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का आपको शानदार मौका देती हैं। अगर आप बजट में ट्रिप प्लान करना चाहते हैं तो इन सभी जगहों पर 3 दिन की फैमिली ट्रिप लगभग 15,000 से 25,000 रुपये तक में की जा सकती है।
कोटागिरी
तमिलनाडु में स्थित कोटागिरी हिल स्टेशन के बारे में बेहद कम लोग जानते हैं। भीड़-भाड़ से दूर रहना अगर आपको पसंद है तो कोटागिरी आपके लिए बढ़िया विकल्प है। यहां आपको ऊटी जैसी खूबसूरती कम बजट में और कम भीड़ में देखने को मिल जाएगी। नीलगिरि की पहाड़ियों में बसा कोटागिरी चाय के बागानों, यूकेलिप्टस के जंगलों और शानदार व्यू पॉइंट्स के लिए जाना जाता है। यहां का शांत माहौल बच्चों के साथ फैमिली ट्रिप के लिए बिल्कुल सही है। तीन लोगों के परिवार का 3 दिन का ट्रिप रहने, खाने, घूमने और यात्रा खर्च सहित करीब 18,000 से 22,000 रुपये में आराम से पूरा हो सकता है।
अराकू वैली
आंध्र प्रदेश में स्थित अराकू वैली को आप ट्रैवल बकेटलिस्ट में शामिल कर सकते हैं। अराकू वैली अपनी खूबसूरत ट्रेन यात्रा, कॉफी के बागानों, झरनों और आदिवासी संस्कृति के लिए मशहूर है। यहां का मौसम सालभर सुहावना रहता है, इसलिए बच्चों और परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के लिए यह एक शानदार जगह है। 3 दिन की फैमिली ट्रिप का कुल खर्च मिलाकर लगभग 20,000 से 24,000 रुपये तक का बजट बन सकता है।
वागामोन
केरल में स्थित वागामोन जाने का आप प्लान कर सकते हैं। अगर आप शांति और प्रकृति के बीच कुछ दिन बिताना चाहते हैं तो ये जगह आपके लिए परफेक्ट है। यहां की हरी-भरी घास वाली पहाड़ियां, पाइन के जंगल, चाय के बागान और ठंडी हवा मन को सुकून देती हैं। बच्चों के लिए खुली जगहें और प्राकृतिक नजारे आपको यहां मिल जाएंगे। 3 दिन की यात्रा में होटल, खाना, लोकल ट्रांसपोर्ट और घूमने का खर्च मिलाकर करीब 22,000 से 25,000 रुपये तक में आप बजट बना सकते हैं।
येलागिरि
तमिलनाडु में स्थित येलागिरि एक अच्छा विकल्प है। यहां आपको सुकून और प्राकृतिक सुंदरता दोनों मिल जाएगी। झील में बोटिंग, छोटी ट्रैकिंग और नेचर वॉक जैसी कुछ एक्टिविटी हैं जो परिवार के साथ समय बिताने का अच्छा मौका देती हैं। 2 से 3 दिन की फैमिली ट्रिप यहां लगभग 15,000 से 20,000 रुपये के बीच आसानी से हो सकती है।
कूर्ग
कूर्ग को भारत का कॉफी पैराडाइज भी कहा जाता है। कूर्ग के कुछ हिस्सों में पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ रहती है, लेकिन यहां कई शांत होमस्टे और कम भीड़ वाले इलाके आज भी फैमिली वेकेशन के लिए बेहतरीन हैं। कॉफी एस्टेट्स, झरने, घने जंगल और बादलों से ढकी पहाड़ियां इस हिल स्टेशन की खासियत है। यहां 3 दिन की पारिवारिक यात्रा लगभग 22,000 से 25,000 रुपये में पूरी की जा सकती है।
