Grand Canyon Of Odisha: महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा ने यूजर्स का ध्यान खींचा है। आनंद महिंद्रा ने आग्रह किया है कि ओडिशा में स्थित कुछ विशिष्ट चट्टानों (कान्हाकुंड) की ओर ध्यान जाना चाहिए और उन्हें विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल के रूप में डेवलप किया जाना चाहिए। आनंद महिंद्रा ने एक्स पर एक यूजर द्वारा अपलोड किए गए एक पोस्ट का जवाब देते हुए ये आग्रह किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट में ओडिशा की इन खूबसूरत चट्टानों की तुलना एरिजोना के सबसे प्रसिद्ध प्राकृतिक स्थलों में से एक ग्रैंड कैन्यन से की गई थी। हालांकि, महिंद्रा ने ये भी कहा कि इन लुभावनी संरचनाओं को उनकी सुंदरता के लिए पहचाने जाने के लिए ऐसी किसी तुलना की आवश्यकता नहीं है।
आनंद महिंद्रा ने लिखा, 'इसकी तुलना ग्रांड कैन्यन से करने की कोई जरूरत नहीं है। यह अपने तरीके से अनोखा है। मुझे यकीन नहीं है कि ये तस्वीरें फोटोशॉप की गई हैं, लेकिन अगर ये कुछ हद तक भी सच हैं, तो ये संरचनाएं अद्भुत हैं।' इसके साथ ही उन्होंने ओडिशा पर्यटन विभाग से इस सुंदर स्थान को वैश्विक हॉट स्पॉट बनाने की भी अपील की।

Anand Mahindra on Grand Canyon
आनंद महिंद्रा के पोस्ट पर उपमुख्यमंत्री परिदा ने कहा, 'मैं आनंद जी को उनके प्रस्ताव के लिए फिर से धन्यवाद दूंगी। हम उन्हें एक पत्र लिखेंगे और उनकी मदद लेंगे और उन्हें सूचित करेंगे कि हम इस जगह को इस तरह विकसित करना चाहते हैं।'
बता दें कि कान्हाकुंड को ओडिशा का ग्रैंड कैन्यन भी कहा जाता है। ये उन दुर्लभ स्थानों में से एक है जो अभी भी एक छिपा हुआ रत्न है। यह रोमांच और सुंदरता का सही मिश्रण प्रस्तुत करता है, यह जितना विस्मयकारी है उतना ही ज्यादा शांतिपूर्ण भी है। प्रकृति प्रेमियों और फोटोग्राफी के शौकीन लोगों के लिए ये जगह स्वर्ग से कम नहीं है।
