दुनियाभर में लोकप्रिय वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube को 18 फरवरी को बड़े आउटेज का सामना करना पड़ रहा, जिससे लाखों यूजर्स प्रभावित हो रहे हैं। अमेरिका में ही 53,000 से अधिक लोगों ने आउटेज की शिकायत दर्ज कराई। यूजर्स ने बताया कि ऐप खोलते ही स्क्रीन पर ‘Something Went Wrong’ का एरर मैसेज दिखाई दे रहा था, जिसके कारण वे वीडियो न तो चला पा रहे थे और न ही कंटेंट अपलोड कर पा रहे थे।
सबसे बड़ी बात यह है कि यह आउटेज मोबाइल के अलावा डेस्कटॉप वर्जन पर भी है। आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट DownDetector के अनुसार, शिकायतों की संख्या अचानक तेजी से बढ़ रही है, जो इस बात का प्रमाण है कि समस्या केवल किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक स्तर पर यूजर्स को प्रभावित कर रही है। कई देशों से सोशल मीडिया पर भी यूजर्स ने ऐप के काम न करने की शिकायतें सोशल मीडिया पर की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ यूजर्स को वीडियो लोड होने में दिक्कत आ रही है, जबकि कई लोगों के लिए होमपेज ही रिफ्रेश नहीं हो रहा है। मोबाइल ऐप और वेब वर्जन दोनों पर समस्या है, हालांकि आउटेज का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
खबर लिखे जाने तक यूट्यूब की ओर से इस ग्लोबल आउटेज को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। आम तौर पर इस तरह की तकनीकी समस्याएं सर्वर इश्यू, अपडेट फेल होने या नेटवर्क गड़बड़ी के कारण सामने आती हैं, लेकिन कंपनी की पुष्टि के बिना कारण तय नहीं माना जा सकता।
इस घटना के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स ने वैकल्पिक प्लेटफॉर्म का रुख किया है और सोशल मीडिया पर हैशटैग youtube down ट्रेंड कर रहा है। फिलहाल, यूजर्स कंपनी की आधिकारिक प्रतिक्रिया और सेवा पूरी तरह बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं।
