WhatsApp Safety Overview Feature: WhatsApp ने मंगलवार को 'Safety Overview' नाम का नया फीचर लॉन्च किया, जिसका उद्देश्य यूजर्स को फर्जी ग्रुप्स और स्कैमर्स से बचाना है। अगर कोई अनजान व्यक्ति आपको किसी WhatsApp ग्रुप में जोड़ता है, तो अब ऐप उस ग्रुप से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी और सुरक्षा सुझाव दिखाएगा, जिससे आप तय कर सकें कि उस ग्रुप में रहना है या नहीं। यहां हम इस फीचर के बारे में और इसके इस्तेमाल के बारे में बता रहे हैं।
अनजान ग्रुप में जोड़े जाने पर तुरंत मिलेगा अलर्ट
एक न्यूजरूम पोस्ट में, मेटा ने व्हाट्सएप के लिए नए सेफ्टी ओवरव्यू टूल की घोषणा की। यह टूल तब दिखाई देता है जब कोई अनजान व्यक्ति आपको किसी ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ता है जिसे आप नहीं जानते। यह टूल आपको ग्रुप में जोड़ने वाले व्यक्ति, कुल सदस्यों की संख्या, ग्रुप बनाने वाले व्यक्ति और ग्रुप बनाने की तारीख के बारे में जानकारी दिखाता है। यानी आप ग्रुप की सभी जानकारी पहले ही देख सकते हैं और यह तय कर सकते हैं कि आपको ग्रुप में रहना है कि नहीं।
ग्रुप छोड़ने या रहने का मिलेगा विकल्प, नोटिफिकेशन भी साइलेंट
यह फीचर आपको यह तय करने का मौका देगा कि आप उस ग्रुप में रहना चाहते हैं या तुरंत उसे छोड़ना चाहते हैं। खास बात यह है कि आप चाहे ग्रुप में रहें या न रहें, ग्रुप छोड़ना पूरी तरह आसान और साइलेंट रहेगा। इसके अलावा, जब तक आप यह तय नहीं करते कि ग्रुप में रहना है, तब तक उस ग्रुप से कोई नोटिफिकेशन नहीं आएगा।
निजी चैट में भी शुरू हुआ सिक्योरिटी टेस्टिंग
WhatsApp अब ऐसे फीचर्स पर भी काम कर रहा है, जिनसे यूज़र्स को अनजान नंबर से शुरू होने वाली चैट्स पर अलर्ट मिल सके। नई टेस्टिंग के तहत यूज़र को उस व्यक्ति के बारे में थोड़ी और जानकारी दी जाएगी, जिससे वे समझदारी से फैसला ले सकें कि बातचीत शुरू करनी है या नहीं।
स्कैम रोकने के लिए WhatsApp की बड़ी कार्रवाई
Meta ने बताया कि उन्होंने हाल ही में 6.8 लाख से ज्यादा अकाउंट्स को बैन किया है, जो स्कैम से जुड़े कॉल सेंटर्स से चल रहे थे। इनमें कई मामले कंबोडिया स्थित स्कैम नेटवर्क से जुड़े पाए गए। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन स्कैमर्स ने ChatGPT जैसी AI टूल्स का इस्तेमाल करके लोगों को फेक लाइक्स, फर्जी इन्वेस्टमेंट स्कीम और किराये के स्कूटर जैसे पोंजी स्कैम में फंसाने की कोशिश की थी।
