What is DeepSeek: 27 जनवरी को अमेरिकी शेयर बाजार में बड़ा झटका लगा जब Nvidia के शेयर करीब 17% गिर गए। इससे कंपनी की करीब 600 अरब डॉलर की मार्केट वैल्यू कम हुई। कारण? चीन की AI कंपनी डीपसीक का उभरना, जो सस्ते और कम डेटा वाली AI सर्विस दे रही है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर DeepSeek क्या है और कैसे दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया है।
डीपसीक क्या है?
DeepSeek R1 चीन का AI मॉडल है। इस एआई टूल ने आते ही दुनियाभर में धमाल मचाना शुरू कर दिया है। इसे ChatGPT से भी ज्यादा कारगर बताया जा रहा है। DeepSeek का नया AI असिस्टेंट, DeepSeek-V3, ऐप्पल ऐप स्टोर पर ChatGPT को पीछे छोड़ते हुए अमेरिका में सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाले फ्री ऐप बन गया है।
किसने बनाया डीपसीक?
यह हांगझू स्थित स्टार्टअप है, जिसका मालिकाना हक हाई-फ्लायर के को-फाउंडर लियांग वेनफेंग के पास है। यह कंपनी 2023 में AGI (आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस) पर रिसर्च करने के लिए बनाई गई थी।
मार्केट में हलचल क्यों मची है?
डीपसीक के सस्ते और कम डेटा वाले मॉडल ने तकनीकी शेयरों में गिरावट ला दी है। Nvidia, Broadcom, Microsoft और Alphabet जैसी कंपनियों के शेयर गिरे क्योंकि निवेशकों को चिंता है कि AI सेक्टर का खर्चा और लाभ संतुलित नहीं है।
कंप्यूटिंग पावर की मांग पर असर
डीपसीक की सफलता ने निवेशकों को सवाल करने पर मजबूर कर दिया है कि GPUs (जैसे Nvidia H800 चिप्स) पर इतना पैसा लगाना सही है या नहीं।
स्मार्टफोन पर असर होगा?
अगर DeepSeek के छोटे मॉडल्स सफल होते हैं, तो यह स्मार्टफोन के लिए अच्छा हो सकता है। बड़े AI मॉडल्स को चलाने के लिए महंगे अपग्रेड्स की जरूरत नहीं पड़ेगी।
चीनी AI मार्केट के लिए उम्मीद
डीपसीक के नए तकनीकी मॉडल (MHA और MOE) से AI को कम लागत में काफी फास्ट बनाने की संभावना है। UBS के मुताबिक, इससे AI तेजी से अपनाया जाएगा और AGI जल्द आ सकता है।
साइबर अटैक
DeepSeek की कंपनी ने दावा किया है कि डीपसीक पर हाल ही में साइबर अटैक हुआ। इसके कारण ऐप रजिस्ट्रेशन को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। वेबसाइट पर भी कुछ समय के लिए आउटेज हुआ था।
AI शेयरों की स्थिति
Nvidia ने अपने शेयर में रिकॉर्ड 17% की गिरावट देखी, जिससे इसका मार्केट वैल्यू $593 अरब डॉलर कम हो गई। वहीं Broadcom, Microsoft और Google की पैरेंट कंपनी Alphabet के शेयर भी गिरे।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने DeepSeek को लेकर अमेरिकी टेक कंपनियों को चेताया और इसे वेकअप कॉल बताया है। ट्रंप ने कहा कि डीपसीक जैसी तकनीक अमेरिकी कंपनियों के लिए प्रेरणा होनी चाहिए। उन्होंने इसे "सस्ते और तेज AI का एक अच्छा उदाहरण" बताया।
आगे का रास्ता
डीपसीक ने AI इंडस्ट्री में बड़े सवाल खड़े किए हैं। अब आगे यह देखना होगा कि कम लागत वाली तकनीक कैसे इस क्षेत्र को बदलती है। DeepSeek ने आते ही दुनियाभर में एआई की जंग को नई दिशा दी है। वहीं इससे ChatGPT के साथ xAI, Gemini और अन्य टेक कंपनियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।
