टेक एंड गैजेट्स

UIDAI और Google के बीच हुई पार्टनरशिप, Maps के जरिए होगा आधार से जुड़ा यह जरूरी काम

आज के डिजिटल भारत में नागरिकों की सुविधा को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बहुत ही सराहनीय और दमदार पहल की गई है। UIDAI और Google मिलकर एक सुविधा देने जा रहे हैं जिसका सीधा फायदा करोड़ों लोगों तक पहुंचेगा।

Image

इस नई सुविधा का करोड़ों लोगों को मिलेगा फायदा।

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) अपने करोड़ों आधार धारकों के लिए कई तरह की नई-नई सुविधाएं लेकर आता रहता है। अब UIDAI ने आधार धारकों को एक नई सुविधा देने का फैसला किया है। UIDAI और Google मिलकर एक नई सर्विस शुरू करने जा रहे हैं जिससे करोड़ों लोगों को डेली रूटीन लाइफ में बड़ी मदद मिलने वाली है। आधार धारक अब Google Maps की मदद से आसानी से अपने नजदीकी आधार केंद्र को सर्च कर पाएंगे।

इस नई सुविधा का एक सबसे बड़ा फायदा यह है कि तहत जब कोई व्यक्ति Google Maps पर आधार केंद्र सर्च करेगा, तो उसे केवल सत्यापित (Verified) आधार केंद्रों की ही जानकारी मिलेगी। इससे लोगों को फर्जी या गलत केंद्रों में भटकने से राहत मिलेगी।

क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?

अब आधार केंद्र की जानकारी सिर्फ पते तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लोगों को यह भी पता चल सकेगा कि उस आधार केंद्र में नया आधार बनता है या नहीं। इसके अलावा आप यह भी जान सकेंगे कि उस आधार केंद्र में बच्चों और व्यस्कों के लिए कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही आप यह भी मालूम कर सकेंगे कि उस आधार केंद्र में पता, मोबाइल या अन्य चीजें अपडेट होते हैं या नहीं। आधार केंद्र में पार्किंग की सुविधा है या नहीं और इसके साथ ही उसकी टाइमिंग और दूसरी जरूरी जानकारियां भी मालूम हो सकेंगी।

UIDAI और Google की पार्टनरशिप के बाद देशभर में मौजूद करीब 60,000 से अधिक आधार केंद्रों, जिनमें Aadhaar Seva Kendra (ASK) भी शामिल हैं, की सही और भरोसेमंद जानकारी आम जनता तक पहुंचेगी। UIDAI के CEO भुवनेश कुमार ने कहा कि यह पहल आधार धारकों के लिए जीवन को और आसान बनाएगी और अधिकृत केंद्रों तक पहुंच को तेज़, सरल और पारदर्शी बनाएगी।

आगे और भी सुविधाएं

आने वाले समय में UIDAI, Google Business Profile के जरिए केंद्रों की जानकारी अपडेट करेगा और लोगों की प्रतिक्रिया का सीधे जवाब भी देगा। इतना ही नहीं, भविष्य में Google Maps के जरिए सीधे अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा भी शुरू की जा सकती है।

Google India की कंट्री हेड (Strategic Partnerships) रोली अग्रवाल ने कहा कि यह सहयोग लोगों को भरोसेमंद सेवाओं से जोड़ने और सरकारी सुविधाओं को आम जनता तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article