भारत में मोबाइल कॉलिंग अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने बड़ा कदम उठाया है। ट्राई ने सोमवार को अपने 'MyCall' मोबाइल ऐप को नए फीचर्स और बेहतर इंटरफेस के साथ दोबारा लॉन्च किया। इस ऐप के जरिए अब उपभोक्ता अपनी वॉयस कॉल की गुणवत्ता को रेट करने के साथ-साथ कॉलिंग के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी सीधे साझा कर सकेंगे।
Google Play Store से किया जा सकता है डाउनलोड
उपभोक्ताओं की राय से सुधरेगी कॉल क्वालिटी
TRAI के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने ऐप लॉन्च के दौरान कहा कि 'MyCall' ऐप उपभोक्ताओं के हाथ में एक प्रभावी माध्यम होगा। इसके जरिए लोग अपने मोबाइल सेवा प्रदाता को कॉलिंग के दौरान होने वाली दिक्कतों की जानकारी दे सकेंगे। इससे दूरसंचार कंपनियों को नेटवर्क संबंधी समस्याओं की पहचान करने और उन्हें दूर करने में मदद मिलेगी।
1 से 5 स्टार तक कर सकेंगे कॉल की रेटिंग
नए MyCall ऐप में यूजर्स अपनी हालिया वॉयस कॉल को 1 से 5 स्टार तक रेट कर सकते हैं। इसके अलावा वे कॉलिंग के दौरान आने वाली विभिन्न तकनीकी समस्याओं की भी रिपोर्ट कर सकते हैं। इनमें कॉल ड्रॉप, कॉल के दौरान गूंज (Echo), ऑडियो में देरी, क्रॉस-कनेक्शन और आवाज का बार-बार कटना जैसी परेशानियां शामिल हैं।
सेवा प्रदाताओं तक पहुंचेगा फीडबैक
TRAI के मुताबिक, ऐप के जरिए मिलने वाली उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया संबंधित टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं के साथ साझा की जाएगी। कंपनियां इन फीडबैक का विश्लेषण कर नेटवर्क और कॉल क्वालिटी में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठा सकेंगी। इससे देशभर में मोबाइल कॉलिंग सेवा को और बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
Google Play Store से किया जा सकता है डाउनलोड
TRAI ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे MyCall ऐप को Google Play Store से डाउनलोड करें और अपनी हर कॉल के अनुभव को रेट करें। नियामक का मानना है कि जितने अधिक लोग इस ऐप का इस्तेमाल करेंगे, उतना ही सटीक डेटा उपलब्ध होगा और कॉलिंग सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना आसान होगा।
