आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब सिर्फ कोड लिखने या काम आसान करने तक सीमित नहीं रहा। अब यह आध्यात्मिक दुनिया में भी कदम रख चुका है। एक नया ऐप Just Like Me सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो यूजर्स को Jesus Christ से बात करने का अनुभव देने का दावा करता है।
पैसे देकर करें ‘जीसस’ से बातचीत
इस ऐप के जरिए यूजर्स AI अवतार से बातचीत कर सकते हैं, जिसके लिए लगभग $1.99 (करीब ₹188) प्रति मिनट का शुल्क देना होता है। प्लेटफॉर्म पर “Jesus (With Love by AI)” नाम से यह अवतार उपलब्ध है, जो यूजर्स को भावनात्मक और आध्यात्मिक सलाह देने का दावा करता है।
कैसे तैयार किया गया AI Jesus?
इस AI अवतार को Chris Breed की कंपनी ने विकसित किया है। इसका विजुअल लुक लोकप्रिय सीरीज The Chosen में Jesus का किरदार निभाने वाले जोनाथन रूमी से प्रेरित है। AI को King James Bible और धार्मिक उपदेशों पर ट्रेन किया गया है, जिससे यह यूज़र्स के सवालों का जवाब दे सके।
ऐसे करें AI Jesus से बात
यूजर्स को सबसे पहले प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाना होता है। इसके बाद वे वॉयस या वीडियो कॉल के जरिए AI Jesus से बात कर सकते हैं। शुरुआत में 2 मिनट की फ्री बातचीत दी जाती है, लेकिन इसके लिए भी कार्ड डिटेल्स डालना जरूरी होता है। कुछ प्लान्स में 3 दिन का ट्रायल और उसके बाद $49.99 (करीब ₹4,659) में 60 मिनट का पैकेज भी दिया जा रहा है।
सिर्फ Jesus ही नहीं, और भी AI गुरु मौजूद
यह ट्रेंड केवल Jesus तक सीमित नहीं है। कई प्लेटफॉर्म्स पर हिंदू और बौद्ध गुरुओं के AI अवतार भी उपलब्ध हैं, जो यूज़र्स को आध्यात्मिक सलाह देते हैं। उदाहरण के तौर पर ChatwithGod जैसे प्लेटफॉर्म यूजर्स को उनके धर्म और मूड के अनुसार चैटबॉट चुनने की सुविधा देते हैं।
विवाद भी बढ़ा, उठ रहे सवाल
इस तरह के AI अवतारों को लेकर विवाद भी सामने आ रहे हैं। Jeanne Lim जैसी विशेषज्ञों का मानना है कि धार्मिक AI को लॉन्च करने से पहले उसे सही मूल्यों के साथ ट्रेन करना बेहद जरूरी है। इसी वजह से कुछ प्रोजेक्ट्स को फिलहाल रोका भी गया है, ताकि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों।
क्या AI सच में दे सकता है आध्यात्मिक अनुभव?
कंपनी के CEO का मानना है कि AI Jesus लोगों में वही भावनाएं जगा सकता है, जो प्रार्थना के दौरान महसूस होती हैं, हालांकि यह सवाल अभी भी बना हुआ है कि क्या एक मशीन सच में इंसानों को आध्यात्मिक संतोष दे सकती है या यह सिर्फ एक तकनीकी प्रयोग है।
