ऑनलाइन लोन लेना आज के समय में आम बात हो गई है, लेकिन इसके साथ साइबर फ्रॉड के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। अब चिंता की बात यह है कि नकली लोन ऐप्स सिर्फ एंड्रॉयड ही नहीं, बल्कि Apple App Store पर भी दिखाई देने लगे हैं। गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाली सरकारी साइबर एजेंसी Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) ने इस बढ़ते खतरे पर सख्त चेतावनी जारी की है।
जारी अलर्ट के अनुसार Tinne Loan, Rishna Loan, Ambala Cash जैसी ऐप्स को फेक और संदिग्ध पाया गया है। ये ऐप्स खुद को इंस्टेंट लोन देने वाला भरोसेमंद प्लेटफॉर्म बताती हैं, लेकिन असल में इनका मकसद यूजर्स का डेटा चुराना, ब्लैकमेल करना और अवैध वसूली करना होता है। कई लोग इन ऐप्स के झांसे में आकर अपनी निजी जानकारी दे देते हैं और बाद में गंभीर परेशानी में फंस जाते हैं। सरकार ने साफ कहा है कि Fake Loan Apps तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सावधान रहना बेहद जरूरी है।
कैसे पहचानें Fake Loan Apps?
- फेक ऐप्स कुछ खास ट्रिक्स का इस्तेमाल करती हैं, जिन्हें पहचानकर आप खुद को सुरक्षित रख सकते हैं-
- “Instant approval” या “5 मिनट में लोन” जैसी झूठी गारंटी
- बहुत ज्यादा प्रोसेसिंग फीस और असामान्य ब्याज दर
- ऐप में कोई ग्राहक सेवा नंबर या आधिकारिक वेबसाइट न होना
- “No documents needed” जैसी भ्रामक जानकारी
- ऐप में दिए गए NBFC या बैंक का लाइसेंस वेरिफिकेशन न होना
इन बातों का हमेशा ध्यान रखें
- लोन हमेशा RBI-registered NBFCs या Banks से ही लें
- ऐप डाउनलोड करने से पहले RBI की वेबसाइट पर NBFC की लिस्ट जरूर चेक करें
- कंपनी का नाम, पता और ग्राहक सेवा नंबर वेरिफाई करें
- कुछ भी संदिग्ध दिखे तो तुरंत ऐप डिलीट कर दें
अगर आप फंस गए हों तो क्या करें?
- 1930 पर कॉल करें (साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन)
- cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें
- किसी संदिग्ध ऐप को रिपोर्ट करने के लिए www.cybercrime.gov.in के Check & Report सेक्शन का इस्तेमाल करें
