टेक एंड गैजेट्स

दिख रहा 'मेड इन इंडिया' आईफोन 16 का क्रेज, प्री-ऑर्डर में हुआ इजाफा

Made in India iPhone 16: साइबरमीडिया रिसर्च (सीएमआर) के इंडस्ट्री रिसर्च ग्रुप के वीपी ने कहा कि आईफोन-16 सीरीज के अलावा पुरानी आईफोन सीरीज जैसे 14 और 13 की बिक्री में भी बढ़त देखने को मिल रही है।

Image

iphone 16 series

Made in India iPhone 16: एप्पल की ओर से हाल ही वैश्विक स्तर पर लॉन्च किए गए 'मेड इन इंडिया' आईफोन-16 के देश में प्री-ऑर्डर में इजाफा देखने को मिल रहा है। नया आईफोन 20 सितंबर से बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध हो जाएगा। ट्रेड एनालिस्ट्स की ओर से गुरुवार को यह जानकारी दी गई।

एनालिस्ट्स का कहना है कि नए आईफोन-16 के बड़ी संख्या में ऑर्डर के चलते निर्यात भी बढ़ने की उम्मीद है। चैनल चेक के अनुसार, खरीदारों के बीच आईफोन-16 को लेकर मजबूत रुझान बना हुआ है। इसकी वजह आईफोन-16 में आए नए अपडेट्स और 15 सीरीज के मुकाबले कम कीमत का होना है। भारत में नए आईफोन 20 सितंबर से रिटेल और ऑनलाइन दोनों स्टोर्स पर उपलब्ध होंगे। इसमें एप्पल बीकेसी (मुंबई) और एप्पल साकेत (नई दिल्ली) के स्टोर्स के साथ कंपनी के ऑथराइज्ड सेलर्स शामिल हैं।

बेस वेरिएंट की अधिक मांग

काउंटरप्वाइंट रिसर्च के डायरेक्टर तरुण पाठक ने कहा कि पिछले साल के मुकाबले इस बार नए आईफोन के बेस वेरिएंट की अधिक मांग देखने को मिल रही है। वहीं, कंपनियां आकर्षक फाइनेंसिंग विकल्प भी उपलब्ध करा रही हैं। इस कारण लगता है कि नई 16 सीरीज पिछले पुराने रिकॉर्ड को ब्रेक कर देगी।

पुराने आईफोन की बिक्री भी बढ़ी

साइबरमीडिया रिसर्च (सीएमआर) के इंडस्ट्री रिसर्च ग्रुप के वीपी प्रभु राम ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में बढ़ रही प्रीमियम फोन की मांग का फायदा एप्पल को मिलता दिखाई दे रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आईफोन-16 सीरीज के अलावा पुरानी आईफोन सीरीज जैसे 14 और 13 की बिक्री में भी बढ़त देखने को मिल रही है। इंडस्ट्री एनालिस्ट मिंग-ची कू का कहना है कि वैश्विक स्तर पर आईफोन-16 सीरीज की पहले वीकेंड की प्री-ऑर्डर बिक्री लगभग 37 मिलियन यूनिट होने का अनुमान है।

भारत बाजार में वॉल्यूम के हिसाब से एप्पल की हिस्सेदारी 6 प्रतिशत और वैल्यू में 16 प्रतिशत है। एप्पल का कारोबार भारत में तेजी से बढ़ रहा है। 2025 तक इसकी आय 10 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर सकती है।

इनपुट-आईएएनएस

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article