आज के समय में ईयरबड्स, स्मार्टवॉच और दूसरे वियरेबल गैजेट्स हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। हम इनका इस्तेमाल गाने सुनने, कॉल करने और अपनी सेहत पर नजर रखने के लिए करते हैं। लेकिन अब कुछ स्मार्ट डिवाइस इससे भी आगे बढ़ गए हैं। ये आपके दिमाग की इलेक्ट्रिकल एक्टिविटी यानी Brain Signals तक रिकॉर्ड कर सकते हैं।
ईयरबड्स का ज्यादा इस्तेमाल आपको मुसीबत में डाल सकता है। (फोटो क्रेडिट-AI Image)
Times of India की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ आधुनिक ईयरबड्स और मेडिटेशन हेडबैंड में ऐसे सेंसर इस्तेमाल किए जा रहे हैं, जो दिमाग के संकेतों को ट्रैक करके तनाव, थकान, एकाग्रता और मानसिक स्थिति का अनुमान लगा सकते हैं। इसी तकनीक ने अब डेटा प्राइवेसी को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।
क्या आपके दिमाग का डेटा भी हो रहा है रिकॉर्ड?
कुछ खास वियरेबल डिवाइस में EEG जैसी तकनीक का इस्तेमाल होता है। यह दिमाग में होने वाली इलेक्ट्रिकल एक्टिविटी को रिकॉर्ड करने में मदद करती है। इसके बाद AI और सॉफ्टवेयर की मदद से इन संकेतों का एनालिसिस किया जाता है।
इससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि कोई व्यक्ति कितना तनाव में है, कितना थका हुआ है या किसी काम पर उसका ध्यान कितना केंद्रित है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ये डिवाइस आपके विचार पढ़ सकते हैं। ये सिर्फ ब्रेन सिग्नल के आधार पर कुछ पैटर्न और संभावित मानसिक स्थितियों का अनुमान लगाते हैं।
कई जगहों पर ट्रांसफर हो सकता है डेटा
इस तकनीक को लेकर सबसे बड़ी चिंता इसके गलत इस्तेमाल की है। मान लीजिए कोई कंपनी अपने कर्मचारियों को ऐसे स्मार्ट ईयरबड्स या हेडबैंड देती है, जो उनकी एकाग्रता और थकान को ट्रैक करते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कंपनी इस डेटा का इस्तेमाल कर्मचारियों की निगरानी या उनके काम का मूल्यांकन करने के लिए कर सकती है?
इसी तरह स्कूल और कॉलेज भी छात्रों की एकाग्रता को मापने के लिए ऐसी तकनीक का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर ब्रेन डेटा बिना स्पष्ट सहमति के किसी कंपनी, नियोक्ता या संस्थान तक पहुंचता है, तो यह व्यक्ति की निजी जिंदगी और अधिकारों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
भारत में ब्रेन डेटा की सुरक्षा कितनी मजबूत?
भारत में डिजिटल जानकारी की सुरक्षा के लिए डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट, 2023 यानी DPDP कानून मौजूद है। लेकिन ब्रेन डेटा जैसी बेहद संवेदनशील जानकारी के लिए विशेष और स्पष्ट सुरक्षा नियमों की जरूरत पर चर्चा हो रही है। एक्सपर्ट की चिंता है कि ऐसे डेटा को इकट्ठा करने और इस्तेमाल करने के नियम स्पष्ट होने चाहिए। लोगों को पता होना चाहिए कि उनका डेटा कौन रिकॉर्ड कर रहा है, कहां स्टोर हो रहा है और किसके साथ साझा किया जा रहा है।
मेडिकल टेस्ट से वेलनेस गैजेट्स तक पहुंची तकनीक
अस्पतालों में EEG टेस्ट के जरिए दिमाग की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया जाता है। इसका इस्तेमाल डॉक्टर मेडिकल जांच के लिए करते हैं। लेकिन अब इसी तरह की तकनीक वेलनेस गैजेट्स में भी इस्तेमाल होने लगी है। फर्क सिर्फ इतना है कि अस्पतालों में मेडिकल डेटा एक नियंत्रित प्रक्रिया के तहत संभाला जाता है, जबकि आम गैजेट्स में डेटा स्टोर करने और साझा करने की शर्तें कंपनी की प्राइवेसी पॉलिसी पर निर्भर कर सकती हैं।
स्मार्ट गैजेट्स इस्तेमाल करते समय बरतें सावधानी
- किसी भी डिवाइस की प्राइवेसी पॉलिसी जरूर पढ़ें।
- ऐप को जरूरत से ज्यादा परमिशन न दें।
- देखें कि आपका डेटा किसी तीसरी कंपनी के साथ साझा तो नहीं हो रहा।
- गैर-जरूरी डेटा ट्रैकिंग फीचर बंद रखें।
- ऑफिस या स्कूल से मिले वियरेबल डिवाइस के डेटा इस्तेमाल की जानकारी जरूर लें।
क्या है सबसे बड़ी चिंता?
अब तक हम अपनी डिजिटल प्राइवेसी को मोबाइल, कैमरा, माइक्रोफोन और लोकेशन डेटा तक सीमित समझते थे। लेकिन नई तकनीक के साथ हमारा ब्रेन डेटा भी कंपनियों के लिए अहम जानकारी बन सकता है। कल्पना कीजिए कि कोई कंपनी आपके दिमाग के संकेतों के आधार पर यह अनुमान लगा सके कि आप कब तनाव में हैं, कब थके हुए हैं और कब आपका ध्यान भटक रहा है।
ऐसी तकनीक के मेडिकल और वेलनेस क्षेत्र में कई फायदे हो सकते हैं, लेकिन इसके गलत इस्तेमाल को रोकना भी उतना ही जरूरी है। क्योंकि सवाल अब सिर्फ आपकी फोटो, लोकेशन और बातचीत की प्राइवेसी का नहीं है, बल्कि आपके दिमाग से जुड़ी सबसे निजी जानकारी की सुरक्षा का भी है।
