साउथ कोरियन टेक जायंट सैमसंग के ट्राई फोल्ड स्मार्टफोन को लेकर पिछले काफी महीनों से चर्चा चल रही थी। फाइनली अब सैमसंग ने अपने फैंस का इंतजार खत्म कर दिया है। कंपनी ने अब आधिकारिक तौर पर Samsung Galaxy Z TriFold पेश कर दिया है। यह एक ऐसा फोल्डेबल स्मार्टफोन है जिसमें तीन बार मुड़ने वाली डिस्प्ले दी गई है, जो इसे काफी अनोखा बनाती है।
यह फोन खास तौर पर पावर यूजर्स और कंटेंट बनाने वालों के लिए तैयार किया गया है ताकि वे ज्यादा बेहतर तरीके से काम कर सकें। Galaxy Z TriFold की लॉन्चिंग 12 दिसंबर 2025 को दक्षिण कोरिया में होगी। इसके बाद यह कुछ चुनिंदा देशों में, जिनमें अमेरिका भी शामिल है, उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि अमेरिका में इसकी सटीक लॉन्च तारीख अभी तय नहीं की गई है।
Galaxy Z TriFold की डिस्प्ले
Galaxy Z TriFold में 10.0-इंच का QXGA+ डायनामिक AMOLED 2X मुख्य डिस्प्ले मिलता है, जिसमें 120Hz की स्मूद रिफ्रेश रेट है। बड़ी स्क्रीन होने से मल्टीटास्किंग, डॉक्यूमेंट एडिटिंग और मनोरंजन का अनुभव काफी बेहतर हो जाता है। इसके साथ ही फोन में 6.5-इंच का FHD+ कवर डिस्प्ले भी दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। यह स्क्रीन रोजमर्रा के कामों के लिए बिल्कुल उपयुक्त है।
Galaxy Z TriFold - परफॉर्मेंस और फीचर्स
Samsung Galaxy Z TriFold में Snapdragon 8 Elite for Galaxy प्रोसेसर दिया गया है, जो इसे बेहद तेज और शक्तिशाली परफॉर्मेंस देता है। इसमें 16GB RAM और 1TB तक स्टोरेज का विकल्प मिलता है। फोन में 5,600mAh की बैटरी है, जो 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है और करीब 30 मिनट में 50% तक चार्ज हो जाती है। इसके अलावा, यह 15W वायरलेस चार्जिंग और Wireless PowerShare फीचर भी सपोर्ट करता है, जिससे आप जरूरत पड़ने पर दूसरे डिवाइस को भी चार्ज कर सकते हैं।
Galaxy Z TriFold में मिलेगा धांसू कैमरा
सैमसंग ने अपने कैमरा-केंद्रित डिजाइन को जारी रखते हुए इसमें 200MP का ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया है। इसमें OIS वाला वाइड लेंस, 12MP अल्ट्रा-वाइड लेंस और 30x डिजिटल जूम सपोर्ट करने वाला 10MP टेलीफोटो लेंस शामिल है। Galaxy Z TriFold OneUI 8 पर चलता है, जो Android 16 पर आधारित है। इसमें बेहतर सिक्योरिटी फीचर्स के साथ 5G और Wi-Fi 7 जैसी एडवांस कनेक्टिविटी सुविधाएं भी दी गई हैं।
Galaxy Z TriFold की कीमत
Galaxy Z TriFold की कीमत क्या होगी फिलहाल इसके बारे में कंपनी अभी कोई खुलासा नहीं किया है। हालांकि इसको लेकर भी कई सारी लीक्स सामने आ चुकी हैं। लीक्स की मानें तो कंपनी इसे बाजार में लगभग 2,445 डॉलर के आसपास लॉन्च कर सकती है। इसमें मिलने वाले स्टोरेज ऑप्शन की बात करें तो इसमें यूजर्स को 512GB की शुरुआती स्टोरेज के साथ 1TB तक की स्टोरेज मिल सकती है।
