Samsung ने भारत में अपना नया Fan Edition स्मार्टफोन Galaxy S26 FE लॉन्च कर दिया है। यह कंपनी के Galaxy S26 सीरीज का नया मॉडल है, जिसमें 6.7 इंच का Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट और Exynos 2500 प्रोसेसर दिया गया है। फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप के साथ 3x ऑप्टिकल जूम मिलता है। खास बात यह है कि यह Galaxy S26 सीरीज का ऐसा मॉडल है जो Android 17 पर आधारित One UI 9 के साथ लॉन्च हुआ है।
Samsung Galaxy S26 FE की कीमत और ऑफर
Samsung Galaxy S26 FE की कीमत और ऑफर
भारत में Samsung Galaxy S26 FE के 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले सिंगल वेरिएंट की कीमत 79,999 रुपये रखी गई है। फोन Pistachio, Blueberry और Graphite कलर ऑप्शन में आता है। लॉन्च ऑफर के तहत पुराने स्मार्टफोन को एक्सचेंज करने पर ग्राहकों को 8,000 रुपये तक का अपग्रेड बोनस मिल सकता है।
चुनिंदा NBFC पार्टनर्स के जरिए 30 महीने तक की नो-कॉस्ट EMI का विकल्प भी दिया गया है, साथ में 3,000 रुपये का अतिरिक्त अपग्रेड बोनस मिल सकता है। इसके अलावा प्रमुख बैंक कार्ड से खरीदारी करने पर 7,000 रुपये तक का कैशबैक या 12 महीने की नो-कॉस्ट बैंक EMI का विकल्प है।
120Hz AMOLED डिस्प्ले और Exynos 2500 प्रोसेसर
Galaxy S26 FE में 6.7 इंच FHD+ Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले दिया गया है। स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है और इसकी पीक ब्राइटनेस 1,900 निट्स तक है। फोन में 3nm प्रोसेस पर तैयार किया गया Exynos 2500 प्रोसेसर दिया गया है, जिसे 8GB RAM और 256GB स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो फोन Android 17 आधारित One UI 9 पर चलता है। Samsung ने इसे 7 साल तक सॉफ्टवेयर और सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है।
50MP कैमरा और 3x ऑप्टिकल जूम
फोटोग्राफी के लिए फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है। इसमें OIS के साथ 50MP का मेन वाइड कैमरा, 123 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू वाला 12MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा और OIS के साथ 8MP टेलीफोटो कैमरा शामिल है। टेलीफोटो कैमरा 3x ऑप्टिकल जूम सपोर्ट करता है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 12MP फ्रंट कैमरा दिया गया है। फोन में Gemini Omni फीचर भी मिलता है, जो Gallery में मौजूद फोटो और वीडियो की मदद से वीडियो क्लिप बनाने और एडिट करने में सक्षम है।
4,900mAh बैटरी और 45W चार्जिंग
Samsung Galaxy S26 FE में 4,900mAh की बैटरी दी गई है। यह 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि 45W एडाप्टर से फोन करीब 30 मिनट में 69 फीसदी तक चार्ज हो सकता है। इसके अलावा 15W वायरलेस चार्जिंग और Wireless PowerShare का सपोर्ट भी मिलता है। कनेक्टिविटी के लिए 5G, 4G LTE, Wi-Fi 6E, Wi-Fi Direct और Bluetooth 5.4 दिया गया है। फोन का वजन 193 ग्राम है और इसे IP68 रेटिंग मिली है, जिससे यह धूल और पानी से सुरक्षा देता है।
