टेक एंड गैजेट्स

पराग अग्रवाल ने नई कंपनी के साथ की धमाकेदार वापसी, Twitter खरीदने के बाद एलन मस्क ने नौकरी से निकाला था

Ex-Twitter CEO Parag Agrawal is back: अब अग्रवाल ने अपनी नई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी Parallel Web Systems Inc की शुरुआत की है, जो एआई सिस्टम्स के लिए ऑनलाइन रिसर्च में मदद करने वाला एक क्लाउड प्लेटफॉर्म है।

Image

Parag Agrawal and elon musk/Photo-AI

सिलिकॉन वैली से एक बार फिर पराग अग्रवाल सुर्खियों में हैं। करीब तीन साल पहले एलन मस्क ने ट्विटर का अधिग्रहण करते ही उन्हें सीईओ पद से हटा दिया था। अब अग्रवाल ने अपनी नई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी Parallel Web Systems Inc की शुरुआत की है, जो एआई सिस्टम्स के लिए ऑनलाइन रिसर्च में मदद करने वाला एक क्लाउड प्लेटफॉर्म है।

कंपनी की शुरुआत और निवेश

अग्रवाल ने 2023 में Parallel की शुरुआत की और कैलिफोर्निया के पालो ऑल्टो में 25 सदस्यीय टीम तैयार की। खोसला वेंचर (Khosla Ventures), फर्स्ट राउंड कैपिटल (First Round Capital) और Index Ventures जैसे बड़े निवेशकों के समर्थन से इस कंपनी ने दो साल में 30 मिलियन डॉलर जुटा लिए हैं। कंपनी के ब्लॉग पोस्ट के अनुसार, Parallel की तकनीक पहले से ही हर दिन लाखों रिसर्च टास्क पूरे कर रही है, जिनमें “तेजी से बढ़ रही कुछ शीर्ष एआई कंपनियां” भी शामिल हैं।

Parallel क्या करता है?

सरल शब्दों में, यह प्लेटफॉर्म एआई एप्लिकेशन्स को पब्लिक वेब से रियल-टाइम डेटा जुटाने, उसे व्यवस्थित करने, वेरिफाई करने और उत्तर में शामिल करने की सुविधा देता है। इसे ऐसे समझें जैसे एआई को एक स्मार्ट ब्राउजर मिल गया हो, जो सही जानकारी लाने के साथ-साथ उसकी जांच और आत्म-मूल्यांकन भी करता है।

कंपनी के अनुसार, इस सिस्टम में आठ अलग-अलग “रिसर्च इंजन” हैं। सबसे तेज इंजन एक मिनट से भी कम समय में जवाब दे सकता है, जबकि सबसे एडवांस्ड इंजन Ultra8x जटिल और गहन जानकारी जुटाने के लिए 30 मिनट तक काम कर सकता है। स्वतंत्र परीक्षणों में Ultra8x ने BrowseComp और DeepResearch Bench जैसे बेंचमार्क में OpenAI के GPT-5 को 10% से अधिक अंतर से पीछे छोड़ दिया। कंपनी का दावा है कि यह “गहरे वेब रिसर्च” में इंसानों और प्रमुख एआई मॉडलों दोनों को पछाड़ने वाला एकमात्र सिस्टम है।

अदालत से फिर कोडिंग तक

2022 के अंत में ट्विटर और मस्क के बीच कानूनी लड़ाई के दौरान अग्रवाल अभी भी सीईओ पद पर थे। यह विवाद मस्क के 44 बिलियन डॉलर के अधिग्रहण सौदे को लेकर था। सौदा पूरा होने के बाद मस्क ने ट्विटर के शीर्ष नेतृत्व को हटा दिया, जिसमें अग्रवाल भी शामिल थे।

लेकिन बर्खास्तगी के बाद आराम करने के बजाय, अग्रवाल ने कैफे में बैठकर आइडिया स्केच करने, रिसर्च पेपर पढ़ने और कोड लिखने में समय बिताया। शुरुआती दिनों में उन्होंने एआई हेल्थकेयर प्रोजेक्ट पर भी विचार किया, लेकिन अंततः उन्होंने उस समस्या पर ध्यान केंद्रित किया, जिसे वे “सबसे ज्यादा जरूरी” मानते हैं, एआई एजेंट्स को वेब से सटीक और भरोसेमंद जानकारी खोजने और समझने की क्षमता देना।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article