अमेरिकी चिप कंपनी एनवीडिया के एडवांस चिप वाले सर्वर चीन भेजे जाने के मामले में जांच तेज हो गई है। इस जांच के बीच कंपनी के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी जय पुरी और सुपर माइक्रो की पूर्व अधिकारी सेनली चेन के निजी रिश्ते भी चर्चा में आ गए हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया में ग्लोबल सेल्स ऑपरेशन के प्रमुख रह चुके जय पुरी और सुपर माइक्रो की पूर्व चीफ ग्रोथ ऑफिसर सेनली चेन के बीच कई सालों तक करीबी संबंध रहे। दोनों ने 7 मार्च, 2026 को शादी की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने सुपर माइक्रो से जुड़े एक व्यक्ति से पूछताछ की है।
रिपोर्ट के अनुसार, जांच एजेंसियों की नजर जय पुरी के पेशेवर रिश्तों पर भी है। इसकी वजह यह है कि एनवीडिया में रहते हुए पुरी कंपनी की ग्लोबल सेल्स और चिप के आवंटन का काम देखते थे। वहीं, सेनली चेन सुपर माइक्रो में ग्राहकों के साथ काम करती थीं। इस दौरान उनका एनवीडिया के अधिकारियों के साथ भी नियमित संपर्क रहता था। ऐसे में दोनों की पेशेवर भूमिकाओं और आपसी संबंधों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
चेन ने वॉल स्ट्रीट जर्नल को ईमेल के जरिए बताया कि उन्होंने कभी भी पेशेवर फायदे के लिए अपने निजी रिश्तों का सहारा नहीं लिया। हालांकि, एनवीडिया और जय पुरी ने इस मामले पर पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया। फिलहाल चेन एआई कंप्यूटिंग सेवा देने वाली कंपनी क्रोनोस्केल का संचालन कर रही हैं।
एनवीडिया से इस्तीफा दे चुके हैं जय पुरी
जय पुरी एनवीडिया में ग्लोबल ऑपरेशन के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट रह चुके हैं। उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। एनवीडिया ने जुलाई में शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा था कि पुरी कंपनी में वरिष्ठ सलाहकार के तौर पर बने रह सकते हैं। उनकी भूमिका नए अधिकारी निक पार्कर को जिम्मेदारी संभालने में मदद करने की होगी।
दूसरी ओर, सुपर माइक्रो ने कहा है कि सेनली चेन एनवीडिया के साथ कंपनी के पूरे कारोबारी रिश्तों या जीपीयू की खरीद का काम नहीं संभालती थीं। कंपनी के मुताबिक, एनवीडिया के चिप अलग-अलग ग्राहकों को देने का फैसला कई विभाग मिलकर करते थे।
500 मिलियन डॉलर के सर्वर चीन भेजने का आरोप
अमेरिका के न्याय विभाग ने 19 मार्च को सुपर माइक्रो के सह-संस्थापक, एक सेल्स मैनेजर और एक ब्रोकर के खिलाफ आरोपों की घोषणा की थी। इन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने एनवीडिया के एडवांस चिप वाले 500 मिलियन डॉलर (करीब 50 करोड़ डॉलर से अधिक) के सर्वर गैरकानूनी तरीके से चीन भेजने की साजिश रची। जांच में यह आरोप भी शामिल है कि सिंगापुर की एक फर्जी कंपनी के जरिए चीनी ग्राहकों को करीब 2.5 अरब डॉलर के सर्वर बेचे गए।
FBI ने मांगी सुपर माइक्रो के अधिकारियों की जानकारी
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने सुपर माइक्रो से जुड़े एक व्यक्ति से पूछताछ की है। एजेंसी ने सेनली चेन समेत कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारियों के बारे में भी जानकारी मांगी है। इस मामले में जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि सर्वर की बिक्री और चीन तक उनकी पहुंच में किन लोगों की क्या भूमिका थी।
एनवीडिया से जुड़े एक और मामले की भी चर्चा
यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब एनवीडिया के सह-संस्थापक और सीईओ जेनसन हुआंग के एक अन्य कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल की महिला अधिकारी के साथ कथित विवाहेतर संबंधों को लेकर भी खबरें सामने आई हैं। कुछ अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि उस महिला अधिकारी के चीन की खुफिया एजेंसियों से संबंध हो सकते हैं। हालांकि, इस मामले में सामने आए आरोपों और संदेहों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है।
(इनपुट-भाषा)
