HMD ग्लोबल ने भारत में एक नए एंड्रॉयड टैबलेट Nokia T10 को लॉन्च किया है। इस टैबलेट को सबसे पहले ग्लोबल मार्केट में इस साल जुलाई में लॉन्च किया गया था। ये Nokia का एक अफोर्डेबल टैबलेट है। इसमें 8-इंच का HD डिस्प्ले दिया गया है। साथ ही इसमें UniSoc T606 प्रोसेसर मौजूद है।
Nokia T10
कीमत
Nokia T10 की कीमत 3GB+32GB वेरिएंट के लिए 11,799 रुपये और 4GB+64GB वेरिएंट की कीमत 12,799 रुपये रखी गई है। इसे सिंगल ब्लू कलर में पेश किया गया है। ग्राहक इसे नोकिया की ऑफिशियल वेबसाइट और अमेजन से खरीद सकते हैं। फिलहाल कंपनी ने इस टैबलेट का केवल WiFi मॉडल ही लॉन्च किया है। कंपनी ने कहा है कि जल्द ही इसका एक LTE+WiFi मॉडल भी उतारा जाएगा।
Nokia T10 के फीचर्स:
इस अफोर्डेबल टैबलेट में 1280x800 पिक्सल रेजोल्यूशन के साथ 8-इंच HD डिस्प्ले दिया गया है। इसमें Mali-G57 MP1 GPU के साथ UniSoc T606 प्रोसेसर मौजूद है। इसे 3GB+32GB और 4GB+64GB वाले दो वेरिएंट में पेश किया गया है। कार्ड की मदद से स्टोरेज को 512GB तक बढ़ाया भी जा सकता है।
ये टैबलेट एंड्रॉयड 12 पर चलता है और इसमें 2 साल सॉफ्टवेयर अपडेट्स और 3 साल के लिए सिक्योरिटी अपडेट्स भी मिलेंगे। सिक्योरिटी के लिए इसमें फेस अनलॉकिंग का फीचर दिया गया है। इसमें एक खास मास्क मोड भी है, जिससे टैबलेट को मास्क पहने हुए भी अनलॉक किया जा सकता है।
फोटोग्राफी के लिए इस टैबलेट के रियर में 8MP का कैमरा LED फ्लैश के साथ दिया गया है। वहीं, इसके फ्रंट में 2MP कैमरा मौजूद है। इसकी बैटरी 5250mAh की है और यहां 10W चार्जिंग का सपोर्ट भी मौजूद है। इसमें 3.5mm हेडफोन जैक और OZO प्लेबैक सपोर्ट के साथ स्टीरियो स्पीकर्स मौजूद हैं।
