यदि आप भी रिलायंस के Jio के ग्राहक हैं तो आपके लिए बड़ी खबर है। जियो ने अपने कुछ चुनिंदा और पुराने ग्राहकों को खास रिचार्ज ऑफर दे रही है। इसके तहत एक महीने के रिचार्ज पर एक महीने का रिचार्ज पूरी तरह फ्री मिल रहा है। जियो इसके लिए ग्राहकों को लगातार मैसेज कर रही है। आइए विस्तार से जियो के इस ऑफर के बारे में जानते हैं...
Jio की ओर से ग्राहकों को मिल रहा मैसेज
₹349 के रिचार्ज पर दूसरा रिचार्ज मुफ्त
Jio की ओर से भेजे जा रहे मैसेज में ग्राहकों को अपना मोबाइल नंबर चालू रखने के लिए रिचार्ज करने की पेशकश की जा रही है यानी यह ऑफर उनके लिए है जिन्होंने लंबे समय से रिचार्ज नहीं कराया है। इसके तहत ₹349 का रिचार्ज कराने पर इतनी ही कीमत का दूसरा रिचार्ज मुफ्त दी जा रही है। इस तरह ऑफर के लिए पात्र ग्राहक कुल ₹698 के दो रिचार्ज का फायदा उठा सकते हैं, जबकि उन्हें अपनी जेब से सिर्फ ₹349 खर्च करने होंगे।
कंपनी के मैसेज के मुताबिक, ग्राहक MyJio ऐप, किसी भी पेमेंट ऐप या नजदीकी रिचार्ज स्टोर से रिचार्ज कर सकते हैं। यह ऑफर सीमित समय के लिए है और इस पर नियम व शर्तें लागू हैं। हालांकि, मुफ्त मिलने वाले रिचार्ज की वैधता और उसमें मिलने वाले फायदे की जानकारी जरूर जांच लें।
हर Jio यूजर को नहीं मिलेगा फायदा
अगर आप भी Jio सिम इस्तेमाल करते हैं, तो यह जरूरी नहीं है कि आपको भी इस ऑफर का फायदा मिले। कंपनी यह पेशकश केवल चुनिंदा ग्राहकों को कर रही है। ऐसे में दूसरे यूजर्स को ऑफर मिलने की खबर सुनकर बिना जांच किए रिचार्ज न करें।
सबसे पहले अपने फोन पर Jio की ओर से आए मैसेज को चेक करें। इसके बाद MyJio ऐप में ऑफर की उपलब्धता और उसकी शर्तों की पुष्टि कर लें। रिचार्ज करने से पहले यह भी पता कर लें कि दूसरा रिचार्ज कब मिलेगा और उसकी वैधता कितनी होगी। अगर आपको Jio की ओर से ₹349 के रिचार्ज पर ₹349 मुफ्त मिलने का मैसेज आया है, तो उसकी शर्तें जांचने के बाद ही रिचार्ज करें। याद रखें, यह ऑफर सभी ग्राहकों के लिए नहीं, बल्कि चुनिंदा यूजर्स के लिए है।
आ रहा है Jio का IPO
बता दें कि Jio का यह ऑफर ऐसे समय सामने आया है, जब कंपनी के प्रस्तावित IPO को लेकर बाजार में चर्चा है। रिपोर्ट के मुताबिक जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ पर दिग्गज निवेशकों ने बड़ा दांव खेला है। ₹8,110 करोड़ की एंकर बुक के लिए ₹2.5 लाख करोड़ से ज्यादा की इंस्टीट्यूशनल डिमांड आई। यानी जितने शेयर एंकर निवेशकों के लिए रखे गए थे, उसके मुकाबले मांग 30 गुना से भी ज्यादा रही।
