iPhone 17 सीरीज के लॉन्च में अब एक महीने से भी कम समय बचा है और हर दिन नई-नई लीक्स सामने आ रही हैं। एक नई लीक के अनुसार, इस साल iPhone 17 Pro की कीमत में बढ़ोतरी हो सकती है और यह iPhone 16 Pro से महंगा होगा, हालांकि इसके साथ एक फायदा भी मिलेगा कि बेस स्टोरेज दोगुनी कर दी जाएगी। वहीं, लाइनअप के बाकी मॉडल्स की कीमत भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
iPhone 17 Pro की कीमत कितनी बढ़ सकती है?
चाइनीज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर टिप्स्टर इंस्टेंट डिजिटल ने दावा किया है कि iPhone 17 Pro की कीमत पिछले मॉडल से $50 (करीब ₹4,400) ज्यादा होगी। अगर यह सही साबित हुआ, तो अमेरिका में इसकी शुरुआती कीमत $1,049 (करीब ₹91,700) हो सकती है। भारत में भी कीमत बढ़ने की उम्मीद है। iPhone 16 Pro की बेस कीमत 1,19,900 रुपये है, जबकि iPhone 17 Pro 1,24,900 रुपये से शुरू हो सकता है। तुलना के लिए, अमेरिका में iPhone 16 Pro का 128GB वेरिएंट $999 (करीब ₹87,700) से शुरू होता है।
दोगुनी बेस स्टोरेज
टिप्स्टर के मुताबिक, iPhone 17 Pro में बेस स्टोरेज 256GB होगी, जबकि मौजूदा मॉडल में यह 128GB है। यह बदलाव iPhone 15 Pro Max (2023) से मेल खाता है, जिसमें पहली बार 256GB बेस स्टोरेज दी गई थी। iPhone 16 Pro Max भी इसी स्टोरेज के साथ आता है। अभी iPhone 16 Pro और iPhone 16 Pro Max के बीच $200 (करीब ₹17,500) का अंतर है, जो इस साल कम हो सकता है।
बाकी मॉडल्स की कीमत भी बढ़ सकती है
पिछली कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि iPhone 17 सीरीज़ के सभी मॉडल्स में $50 (करीब ₹4,400) की बढ़ोतरी हो सकती है। इसका कारण अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ वॉर और कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत बताया गया है। अब जबकि लॉन्च में केवल कुछ हफ्ते बचे हैं, यह जल्द ही साफ हो जाएगा कि एप्पल वास्तव में कीमतें बढ़ाता है या नहीं।
