Instagram Down: देश-विदेश में पॉपुलर फोटो शेयरिंग ऐप इंस्टाग्राम एक बार फिर डाउन हो गया है और ये परेशानी दुनिया के कई देशों में हो रही है। अलग-अलग देशों के कई हजार इंस्टाग्राम यूजर्स ने ऐप डाउन होने की शिकायत की है, इसमें इसे ओपन करने के अलावा पोस्ट या स्टोरी भी देखने में समस्या आ रही है। डाउनडिटेक्टर नाम की एक वेबसाइट पर युनाइटेड स्टेट्स के 52,000 यूजर्स और भारत से करीब 2,000 यूजर्स ने इंस्टाग्राम डाउन होने की शिकायत की। रिपोर्ट में सामने आया है कि सुबह 8ः25 मिनट से शिकायते मिलना शुरू हुईं और 8ः47 मिनट पर लोग सबसे ज्यादा इस समस्या का सामना कर रहे थे।
इसी महीने तीसरी बार हुआ डाउन
इसी महीने ये तीसरी बार है जब इंस्टाग्राम डाउन हुआ है, इससे पहले भी दो बार यानी 11 जुलाई और 20 जुलाई को यूजर्स ने यही शिकायत की थी। इसमें 80 प्रतिशत यूजर्स का कहना है कि उन्हें कोई पोस्ट करने या देखने के अलावा स्टोरी देखने में भी समस्या आ रही है। करीब 10 फीसदी यूजर्स तो इंस्ट्राग्राम का इस्तेमाल ही नहीं कर पा रहे थे, हालांकि अब ये समस्या दूर हो चुकी है और सभी यूजर्स बिना किसी दिक्कत के इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
इंस्टाग्राम ने कोई बयान नहीं दिया
मेटा के मालिकाना हक वाले इंस्टाग्राम को लेकर यूजर्स की दिक्कतों पर फिलहाल कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। इससे पहले इंस्टाग्रान ने कहा था कि कनेक्टिविटी में आई समस्या के चलते यूजर्स इस ऐप का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे। बता दें कि मेटा द्वारा हालिया लॉन्च थ्रेड दुनिया भर में ट्विटर का मुकाबला करने आया था, हालांकि जितनी तेजी में इसे यूजर्स बढ़े, उतनी ही तेजी से अब इसके ट्रैफिक में कमी आ रही है।
