गूगल ने कहा, "यह डूडल भारत के स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाता है। 15 अगस्त 1947 को भारत ने लगभग दो शताब्दियों के ब्रिटिश शासन के बाद अपनी आजादी हासिल की और एक संप्रभु गणराज्य बना। स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व प्रमुख नेताओं ने किया, जिन्होंने सविनय अवज्ञा और अहिंसक आंदोलनों के माध्यम से आज़ादी की राह प्रशस्त की।"
independence day 2025 Google Doodle/Photo- Timesnowhindi
गूगल डूडल अस्थायी रूप से गूगल के लोगो में बदलाव होते हैं, जिनके जरिए स्थानीय और वैश्विक अवसरों, त्योहारों, ऐतिहासिक घटनाओं और समाज पर गहरा असर डालने वाले व्यक्तियों को सम्मान दिया जाता है।
इंडिपेंडेंस डे डूडल की खासियत
स्वतंत्रता दिवस 2025 के लिए कलाकार मकरंद नर्कर और सोनल वसावे (बूमरैंग स्टूडियो) ने डूडल तैयार किया है। इसमें पारंपरिक टाइल डिजाइन के जरिए भारत की कलात्मक और सांस्कृतिक झलक पेश की गई है। इसमें राजस्थान की जयपुर ब्लू पॉटरी और पश्चिम बंगाल की टेराकोटा रिलीफ जैसी कलाओं को शामिल किया गया है।
‘GOOGLE’ शब्द को छह अलग-अलग टाइल डिजाइनों से बनाया गया है
- पहली टाइल: जयपुर ब्लू पॉटरी, ‘G’ अक्षर और फूलों के डिजाइन।
- दूसरी: पुष्प आकृति के साथ स्पेसशिप।
- तीसरी: क्रिकेट बॉल और बल्ला।
- चौथी: पारंपरिक भारतीय डिज़ाइन।
- पांचवीं: शतरंज की गोटी।
- छठी: सिनेमा रील से बने अक्षर ‘L’ और ‘E’।
देशभर में जश्न का माहौल
स्वतंत्रता दिवस पर देशभर में समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभक्ति के प्रदर्शन होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और अपना 12वां लगातार संबोधन देंगे। देश के कोने-कोने में तिरंगा लहराएगा, बाजारों, गलियों और दुकानों में केसरिया, सफेद और हरे रंग की रौनक दिखेगी। इस साल का थीम "नया भारत" है, जो 2047 तक "विकसित भारत" के लक्ष्य को दर्शाता है।
