स्मार्ट टीवी आज हर घर में मौजूद है। स्मार्ट टीवी की साइज भी अब पहले से अधिक हो गई है। अधिकतर घरों में आपको 40 इंच या इससे बड़ी साइज का टीवी मिलेगा, हालांकि कुछ दिनों बाद टीवी के स्लो होने से लोग परेशान हो जाते हैं। अगर आपका स्मार्ट टीवी भी पहले की तरह तेज नहीं चल रहा है और ऐप खोलने या चैनल बदलने में बार-बार रुक रहा है, तो हर बार टीवी बदलने की जरूरत नहीं है।
दो मिनट में करें ये काम
लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद स्मार्ट टीवी की स्टोरेज में कैश फाइल्स जमा हो जाती हैं। इसके अलावा बैकग्राउंड में चल रहे ऐप्स और कम खाली स्टोरेज भी टीवी की स्पीड को प्रभावित कर सकते हैं। कुछ आसान तरीके अपनाकर आप टीवी की परफॉर्मेंस को बेहतर कर सकते हैं। आइए जानते हैं...
सबसे पहले टीवी को करें रीस्टार्ट
स्मार्ट टीवी के स्लो होने पर सबसे आसान तरीका इसे रीस्टार्ट करना है। रिमोट से टीवी बंद करने के बाद कुछ सेकंड इंतजार करें और फिर दोबारा ऑन करें। अगर टीवी का पावर बटन उपलब्ध है, तो उसे कुछ सेकंड दबाकर भी रीस्टार्ट किया जा सकता है। इससे अस्थायी मेमोरी और बैकग्राउंड में अटकी कुछ प्रक्रियाएं बंद हो सकती हैं।
बेकार ऐप्स और कैश करें साफ
अगर टीवी में कई ऐप्स इंस्टॉल हैं और उनमें से ज्यादातर का इस्तेमाल नहीं होता, तो उन्हें अनइंस्टॉल कर दें। इससे इंटरनल स्टोरेज में जगह खाली होगी। इसके अलावा टीवी की Settings में जाकर Apps वाले सेक्शन से ज्यादा इस्तेमाल होने वाले ऐप्स का कैश भी क्लियर किया जा सकता है। ध्यान रखें कि अलग-अलग ब्रांड के टीवी में यह विकल्प अलग जगह पर हो सकता है।
टीवी की स्टोरेज रखें खाली
स्मार्ट टीवी में स्टोरेज भरने से ऐप्स को चलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती और टीवी की परफॉर्मेंस प्रभावित हो सकती है। इसलिए पुराने डाउनलोड, इस्तेमाल न होने वाले ऐप्स और अनावश्यक फाइल्स को डिलीट करते रहें। खासकर उन टीवी में यह समस्या ज्यादा देखने को मिल सकती है जिनमें इंटरनल स्टोरेज कम होती है।
सॉफ्टवेयर अपडेट जरूर करें
कई बार टीवी स्लो होने की वजह पुराना सॉफ्टवेयर भी हो सकता है। टीवी की Settings में जाकर Software Update या System Update का विकल्प चेक करें। अगर नया अपडेट उपलब्ध है तो उसे इंस्टॉल करें। कंपनियां अपडेट के जरिए बग फिक्स और परफॉर्मेंस सुधार से जुड़े बदलाव भी जारी करती हैं।
इंटरनेट कनेक्शन भी करें चेक
अगर सिर्फ Netflix, YouTube या दूसरे स्ट्रीमिंग ऐप्स पर वीडियो अटक रहा है, तो समस्या टीवी की स्पीड के बजाय इंटरनेट कनेक्शन में हो सकती है। ऐसे में Wi-Fi राउटर को रीस्टार्ट करके देखें। संभव हो तो टीवी को राउटर के करीब रखें या बेहतर कनेक्शन के लिए Ethernet केबल का इस्तेमाल करें।
