Google Chrome security alert: अगर कंप्यूटर का इस्तेमाल करते हैं और इंटरनेट सर्विस के लिए गूगल क्रोम चलाते हैं तो आपके लिए काम की खबर है। भारत सरकार के अधीन काम करने वाली भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रेस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने गूगल क्रोम डेस्कटॉप यूजर्स के लिए एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। CERT-In के मुताबिक क्रोम ब्राउजर में कई तरह की कमियां पाई गई हैं जिसका साइबर क्रिमिनल्स आसानी से फायदा उठा सकते हैं। हैकर्स इन कमजोरियों का फायदा लेकर आपके डिवाइस का कंट्रोल भी ले सकते हैं। ऐसे में आपको बेहद अलर्ट रहने की जरूरत है।
सरकार ने गूगल क्रोम यूजर्स के लिए जारी की चेतावनी। (फोटो क्रेडिट-Digit)
CERT-In की मानें तो गूगल क्रोम में पाई गईं ये कमियां क्रोम ब्राउजर के पुराने वर्जन में हैं। अगर आप विंडोज या फिर मैक इस्तेमाल कर रहें तो इसके लिए 137.0.7151.119/.120 से पहले के वर्जन में खामियां पाई गई हैं। इसके अलावा अगर आपके पास Linux ऑपरेटिंग सिस्टम है इसमें क्रोम ब्राउजर के 137.0.7151.119 पहले का वर्जन काफी खतरनाक है।
Chrome में हैं बड़ी खामियां
जानकारी के मुताबिक इन सभी गूगल क्रोम के वर्जन में V8 JavaScript इंजन में इंटीजर ओवरफ्लो और प्रोफाइलर कंपोनेंट में यूज-आफ्टर-फ्री जैसी बड़ी खामियां पाई गई हैं। अगर यूजर्स इन पुराने क्रोम ब्राउजर का इस्तेमाल करते हुए किसी खास प्लानिंग से तैयार की गई वेबसाइट पर विजिट करता है तो हैकर्स इन खामियों के जरिए डिवाइस में खतरनाक कोड़ डाल सकते हैं, मैलवेयर इंस्टाल कर सकते हैं। इतना ही नहीं इन खामियों का फायदा उठाकर क्रिमिनल्स आपके डिवाइस पर कंट्रोल भी पा सकते हैं।
CERT-IN ने गूगल क्रोम में पाई गई इन कमियों को हाई रिस्क की कैटेगरी में रखा है। इसका साफ साफ मतलब है कि आपको इन कमजोरियों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। हैकर्स इन कमजोरियों का फायदा उठाकर सिस्टम में मौजूद आपके डेटा को चुरा सकते हैं जिससे आपकी प्राइवेसी खतरे में पड़ सकती है। आपको बता दें कि यह खतरा आम यूजर्स के साथ साथ बड़ी बड़ी कंपनियों में कर्मचारियों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे क्रोम ब्राउजर के लिए भी है।
क्रोम यूजर्स तुरंत करें ये काम
CERT-IN ने गूगल क्रोम ब्राउजर इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को सलाह दी है कि वे अपने सिस्टम को तुरंत लेटेस्ट सॉफ्टवेयर के साथ अपडेट कर सलें। गूगल ने विंडोज, मैक और लिनेक्स के लिए क्रोम ब्राउजर के 137.0.7151.119/.120 और 137.0.7151.119 वर्जन जारी कर दिए हैं। अगर आप ने सिस्टम में आटो अपडेट बंद करके रखा है तो आपको मैनुअली अपडेट करना होगा। इसके लिए आपको क्रोम ब्राउजर ओपन करके थ्री डॉट्स पर क्लिक करना होगा। इसके बाद Help > About Google Chrome पर जाएं और अपडेट इंस्टॉल पर क्लिक करें। इंस्टालेशन के बाद आपको अपने लैपटॉप को रीस्टार्ट करना होगा। इस तरह आप अपने डिवाइस को साइबर अटैक से सेफ रख सकते हैं।
