यदि आप भी गूगल की स्टीम सर्विस इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए बड़ी खबर है। गूगल इस साल के अंत तक "Steam for Chromebook Beta" प्रोग्राम का सपोर्ट बंद करने जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, जो क्रोमबुक यूजर्स इस बीटा ऐप को लॉन्च करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें अब एक पॉप-अप मैसेज दिखाई दे रहा है, जिसमें प्रोजेक्ट के बंद होने की जानकारी दी गई है। गूगल ने 1 जनवरी 2026 की तारीख तय की है, जिसके बाद स्टीम सपोर्ट पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इस तारीख के बाद पहले से इंस्टॉल किए गए गेम्स भी अपने-आप डिवाइस से हट जाएंगे। कंपनी ने इस फैसले के पीछे का कारण नहीं बताया है।
बंद होने जा रही गूगल की यह सर्विस (फोटो क्रेडिट-iStock)
क्रोमबुक पर खत्म होगी स्टीम गेम्स की सुविधा
एक रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल अब सभी क्रोमबुक यूज़र्स को मैसेज दिखा रहा है जिसमें बंद होने की जानकारी है। फिलहाल बीटा ऐप काम कर रही है, लेकिन 2026 से यह संभव नहीं होगा। मैसेज में लिखा है- "The Steam for Chromebook Beta program will conclude on January 1st, 2026. After this date, games installed as part of the Beta will no longer be available to play on your device. We appreciate your participation in and contribution to learnings from the beta program, which will inform the future of Chromebook gaming."
अनुवाद- "स्टीम फॉर क्रोमबुक बीटा प्रोग्राम 1 जनवरी, 2026 को समाप्त होगा। इस तिथि के बाद, बीटा के भाग के रूप में इंस्टॉल किए गए गेम आपके डिवाइस पर खेलने के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। हम बीटा प्रोग्राम से प्राप्त सीखों में आपकी भागीदारी और योगदान की सराहना करते हैं, जो क्रोमबुक गेमिंग के भविष्य को आकार देगा।"
बता दें कि गूगल ने मार्च 2022 में "Steam for Chromebook Alpha" प्रोग्राम शुरू किया था। नवंबर 2022 में अल्फा फेज बंद कर इसे बीटा फेज में लाया गया और हार्डवेयर की आवश्यकताएं भी कम कर दी गईं। स्टीम का यह वर्ज़न Linux पर आधारित था और गूगल ने 99 टाइटल्स को सपोर्टेड लिस्ट में रखा था।
हालांकि बीटा फेज में आने के बाद भी स्टीम को कोई बड़ा अपडेट नहीं मिला और अब यह प्रोजेक्ट बंद होने जा रहा है। गौरतलब है कि स्टीम सपोर्ट ने गूगल के "Gaming Chromebook" की कोशिशों में अहम भूमिका निभाई थी। 1 जनवरी 2026 के बाद यूजर्स सिर्फ प्ले स्टोर से एंड्रॉयड गेम खेल पाएंगे, लेकिन उनका कलेक्शन स्टीम जैसा बड़ा नहीं होगा। विकल्प के तौर पर, क्रोमबुक यूजर्स Xbox Cloud Gaming, NVIDIA GeForce Now या Amazon Luna जैसे क्लाउड-आधारित गेमिंग सर्विस का इस्तेमाल कर सकते हैं।
