गूगल ने भारत में अपने नए Pixel 10 सीरीज स्मार्टफोन और Pixel Watch 4 के साथ Google Pixel Buds 2a भी लॉन्च कर दिए हैं। यह ट्रूली वायरलेस स्टीरियो (TWS) हेडसेट है, जो कंपनी के चार्जिंग केस के साथ कुल 27 घंटे तक की बैटरी लाइफ देगा। इसमें एक्टिव नॉइज कैंसलेशन (ANC) भी है जिसमें Silent Seal 1.5 टेक्नोलॉजी मौजूद है। यह टेक्नोलॉजी ईयरबड्स को यूजर्स के कानों के आकार के अनुसार एडजस्ट कर आरामदायक फिटिंग देती है। यही फीचर पहले Pixel Buds Pro 2 में भी देखने को मिला है, जो अब भारत और ग्लोबल मार्केट में नए कलर ऑप्शन के साथ उपलब्ध है। गूगल ने Pixel Buds Pro 2 को नए कलर में पेश किया है।
Google Pixel Buds 2a/Photo- Google
Google Pixel Buds 2a की कीमत
भारत में कीमत और उपलब्धता की बात करें तो Google Pixel Buds 2a की कीमत 12,999 रुपये रखी गई है। इसकी बिक्री हेज़ल और आइरिस कलर में फ्लिपकार्ट से होगी। वहीं, Pixel Buds Pro 2 अब भारत में 22,900 रुपये की कीमत पर मूनस्टोन शेड में खरीदे जा सकते हैं। पहले यह हेडसेट हेजल, पियोनी, पोरसिलेन और विंटरग्रीन कलर में मिलता था। गूगल ने इसमें एक नया एडेप्टिव ऑडियो फीचर भी सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए जोड़ा है।
Google Pixel Buds 2a की स्पेसिफिकेशन
फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस की बात करें तो नए Google Pixel Buds 2a में 11mm डायनामिक ड्राइवर्स और गूगल का Tensor A1 चिप दिया गया है। इसमें एडेप्टिव ANC, ट्रांसपेरेंसी मोड और Silent Seal 1.5 सपोर्ट मिलता है। यह हेडसेट इन-ईयर प्रेशर रिलीफ भी देता है यानी लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद भी आपके कानों में दर्द नहीं होगा।
कनेक्टिविटी के लिए इसमें ब्लूटूथ 5.4 सपोर्ट है। साथ ही इसमें ड्यूल माइक्रोफोन और विंड-ब्लॉकिंग मेश कवर मौजूद हैं, जिससे कॉलिंग क्वालिटी बेहतर होती है। इसमें IR प्रॉक्सिमिटी सेंसर भी दिया गया है जो इन-ईयर डिटेक्शन को सपोर्ट करता है। हेडसेट में कैपेसिटिव टच कंट्रोल्स और मैग्नेटिक चार्जिंग केस में हॉल सेंसर व USB Type-C पोर्ट दिया गया है।
बैटरी की बात करें तो केस के साथ यह हेडसेट ANC बंद रहने पर 27 घंटे तक का बैकअप देता है, जबकि ANC ऑन रहने पर 20 घंटे तक की बैटरी लाइफ मिलती है। गूगल का कहना है कि एक बार चार्ज करने पर ANC ऑन रहने पर 7 घंटे और ANC ऑफ रहने पर 10 घंटे का बैकअप मिलेगा। Pixel Buds 2a को IP54 रेटिंग मिली है यानी यह डस्ट और स्प्लैश रेसिस्टेंट है। केस को IPX4 रेटिंग दी गई है। हर ईयरबड का वजन 4.7 ग्राम है और केस समेत पूरे सेट का वजन 47.6 ग्राम है।
