Google Logo: दुनिया की सबसे बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों में शुमार Google ने करीब एक दशक बाद अपने प्रसिद्ध 'G' लोगो में बदलाव किया है। अब गूगल का यह लोगो पहले से कहीं ज्यादा रंगीन और आकर्षक नजर आ रहा है। नए डिजाइन में रंगों का ग्रेडिएंट इफेक्ट जोड़ा गया है, जिसमें रेड रंग येलो में, येलो ग्रीन में और ग्रीन ब्लू में बदलता हुआ दिखाई देता है।
यह नया 'G' आइकन सबसे पहले iOS पर Google ऐप के जरिए देखने को मिला है और अब यह Android के बीटा वर्जन 16.8 में भी दिखने लगा है। हालांकि यह अपडेट धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंच रहा है।
गूगल के 'G' में क्या बदला?
गूगल के पुराने लोगो की बात करें तो उसमें 'G' चार अलग-अलग रंगों- नीला, लाल, पीला और हरा में अलग-अलग खंडों के रूप में था। लेकिन अब नया लोगो एक स्मूद ट्रांजिशन के साथ ग्रेडिएंट इफेक्ट में बदला गया है, जो इसे ज्यादा मॉडर्न और सॉफ्ट लुक देता है।
क्या है नए बदलाव का कारण?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बदलाव केवल विज़ुअल नहीं बल्कि ब्रांड के साथ यूजर्स के जुड़ाव को बेहतर बनाने की दिशा में एक कदम है। कंपनी का मानना है कि गूगल अब सिर्फ डेस्कटॉप तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मोबाइल, टीवी, कार और अन्य स्मार्ट डिवाइसेज पर भी उपयोग हो रहा है।
2015 के बाद अब हुआ बदलाव
गौरतलब है कि इससे पहले गूगल ने साल 2015 में अपने लोगो में बड़ा बदलाव किया था, जब उसने पारंपरिक टाइपफेस की जगह एक नया, मॉडर्न सेंस-सेरिफ फॉन्ट ‘Product Sans’ अपनाया था। उस समय भी कंपनी ने कहा था कि बदलते टेक्नोलॉजी परिदृश्य के साथ खुद को ढालना जरूरी है। इससे पहले, पुराने गूगल लोगो में कैटुल टाइपफेस का प्रयोग किया जाता था और यह 1999 से प्रयोग में था। नया लोगो इस दिशा में एक और प्रयास है, जो गूगल को एक नई और ताजा पहचान देता है। आने वाले दिनों में यह नया आइकन सभी यूजर्स के डिवाइसेज पर दिखाई देने लगेगा।
