टेक एंड गैजेट्स

Google ने लॉन्च किया Search Profiles फीचर, क्रिएटर्स और पब्लिशर्स को मिलेगी नई पहचान

गूगल का Search Profiles फीचर्स कंटेंट क्रिएटर्स और पब्लिशर्स के लिए बड़े ही काम का साबित होगा, क्योंकि गूगल किसी क्रिएटर्स के आर्टिकल, वीडियो और सोशल प्रोफाइल एक ही जगह पर दिखाएगा।

Image

Google ने लॉन्च किया Search Profiles फीचर, क्रिएटर्स और पब्लिशर्स को मिलेगी नई पहचान

Google ने अपने एक नए फीचर को पेश किया है जो कि कंटेंट क्रिएटर्स और पब्लिशर्स के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है। Google ने क्रिएटर्स और पब्लिशर्स की ऑनलाइन मौजूदगी को मजबूत बनाने के लिए नया Search Profiles फीचर लॉन्च किया है। इस फीचर की मदद से क्रिएटर्स और पब्लिशर्स यह कंट्रोल कर सकेंगे कि वे Google Search और Discover में किस तरह दिखाई दें। Search Profiles में किसी लेखक या क्रिएटर के नए कंटेंट, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट एक ही स्थान पर दिखाई जाएंगी। फिलहाल यह फीचर अमेरिका में उपलब्ध कराया गया है।

Search और Discover में बढ़ेगी विजिबिलिटी

Google के अनुसार Search Profiles एक डेडिकेटेट और शेयर किए जा सकने वाले हब के रूप में काम करेगा, जहां क्रिएटर्स और पब्लिशर्स अपनी नए कंटेंट दिखा सकेंगे। इस फीचर के जरिए दर्शकों के लिए अपने पसंदीदा क्रिएटर्स को फॉलो करना आसान होगा, वहीं कंटेंट की पहुंच और विजिबलिटी भी बढ़ेगी। यूजर्स Google द्वारा पहले से बनाए गए प्रोफाइल को क्लेम कर सकते हैं या फिर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स को लिंक करके नया प्रोफाइल बना सकते हैं।

प्रोफाइल में जोड़ सकेंगे कई जानकारी

Search Profiles को यूजर्स अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज भी कर सकते हैं। इसमें प्रोफाइल फोटो (अवतार), बायो, वेबसाइट लिंक, सोशल मीडिया अकाउंट्स, वीडियो प्लेटफॉर्म और अन्य महत्वपूर्ण कंटेंट जोड़ा जा सकता है। यह प्रोफाइल Google Search के नॉलेज पैनल, Discover फीड या सीधे URL के माध्यम से एक्सेस किया जा सकेगा।

किन यूजर्स को मिलेगा फीचर?

Google ने इस फीचर के लिए कुछ न्यूनतम फॉलोअर संख्या तय की है। Search Profile बनाने के लिए यूजर के पास YouTube, Instagram या X पर कम से कम 1 लाख फॉलोअर्स होने चाहिए। वहीं TikTok पर यह सीमा 3 लाख फॉलोअर्स रखी गई है। इसके अलावा, यह सुविधा केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के क्रिएटर्स और पब्लिशर्स के लिए उपलब्ध होगी।

Google Search Profiles

Google Search Profiles

Knowledge Panel को भी मिलेगा अपडेट

Google का कहना है कि यदि कोई यूजर अपना Search Profile क्लेम करता है, तो उसके लिए Google Knowledge Panel भी बनाया जा सकता है। जिन यूजर्स का पहले से Knowledge Panel मौजूद है, उसमें नई प्रोफाइल जानकारी, अपडेटेड अवतार, हालिया कंटेंट और सीधे प्रोफाइल लिंक जैसी सुविधाएं जोड़ दी जाएंगी।

Search Profile कैसे बनाएं?

नया Search Profile बनाने के लिए यूजर्स को सबसे पहले profile.google.com/claim पर जाना होगा। इसके बाद अपने Google अकाउंट से साइन इन करना होगा और ऐसे कंटेंट प्लेटफॉर्म अकाउंट से लॉगिन करना होगा, जिसमें निर्धारित फॉलोअर संख्या मौजूद हो। इसके बाद "Create Profile" विकल्प पर क्लिक करके प्रोफाइल तैयार किया जा सकता है।

पहले से बना प्रोफाइल भी कर सकते हैं चेक

Google ने बताया कि नया प्रोफाइल बनाने से पहले यूजर्स यह जांच सकते हैं कि कहीं Google ने उनके लिए पहले से Search Profile तो नहीं बनाया है। इसके लिए profile.google.com पर जाकर संबंधित Google अकाउंट से साइन इन किया जा सकता है। इसके अलावा Google Search में अपने Knowledge Panel के पास मौजूद "More" विकल्प पर क्लिक करके "View Search Profile" के जरिए भी इसकी जांच की जा सकती है

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article