Google ने बुधवार को घोषणा की कि वह भारत के यूजर्स के लिए Google Chrome ब्राउजर में नई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सुविधाएं जोड़ रहा है। कंपनी का कहना है कि इन नए फीचर्स की मदद से लोगों के लिए इंटरनेट पर जानकारी खोजना पहले से ज्यादा आसान, सुरक्षित और उपयोगी हो जाएगा। इन एआई फीचर्स की मदद से यूजर वेबसाइटों को बेहतर तरीके से समझ पाएंगे, जानकारी जल्दी ढूंढ सकेंगे और ब्राउज़िंग का अनुभव ज्यादा सुविधाजनक होगा।
कंपनी के अनुसार ये सुविधाएं 50 से अधिक भाषाओं में उपलब्ध होंगी। इनमें कई भारतीय भाषाएं भी शामिल हैं, जैसे हिंदी, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, तेलुगु और तमिल। इससे भारत के अलग-अलग भाषाएं बोलने वाले उपयोगकर्ताओं को इंटरनेट इस्तेमाल करने में और ज्यादा आसानी होगी।
क्रोम में मिलेगा Gemini का सपोर्ट
Google ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि वह भारत के यूजर्स के लिए Google Chrome में कई नई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित सुविधाएं शुरू कर रहा है। इन नई सुविधाओं में Gemini भी शामिल है, जिसे सीधे क्रोम ब्राउजर में इस्तेमाल किया जा सकेगा।
कंपनी के मुताबिक इन एआई फीचर्स की मदद से उपयोगकर्ताओं को इंटरनेट पर जानकारी खोजना, वेबसाइट समझना और ऑनलाइन काम करना पहले से ज्यादा आसान और बेहतर अनुभव देगा। इससे ब्राउज़िंग अधिक स्मार्ट और सुविधाजनक बनने की उम्मीद है। इसमें कहा गया कि ये सुविधाएं कंपनी के नवीनतम जेमिनी 3.1 मॉडल पर आधारित हैं। इनका उद्देश्य लोगों को जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से खोजने और समझने में सहायता देना है। ये सुविधाएं पहले डेस्कटॉप और आईओएस पर उपलब्ध होंगी।
क्रोम के प्रोडक्ट मैनेजमेंट निदेशक Sharmane DeSilva ने कहा, "हमने Google Chrome में सीधे कृत्रिम मेधा (एआई) जोड़ने का फैसला इसलिए किया है ताकि इंटरनेट का इस्तेमाल और आसान, सुरक्षित और उपयोगी हो जाए और उपयोगकर्ताओं को बेहतर अनुभव मिल सके। हमें खुशी है कि अमेरिका के बाद भारत उन पहले देशों में शामिल है, जहां यह बदलाव देखने को मिलेगा। यह भारत में कृत्रिम मेधा और नई तकनीकों के प्रति उत्सुकता और क्षमता को भी दर्शाता है।
(इनपुट-भाषा)
