ChatGPT Aadhaar Card Misuse: ओपनएआई के चैटजीपीटी का घिबली स्टाइल ट्रेंड खत्म नहीं हुआ कि एआई को लेकर एक नया खतरा सामने आ गया है। अब चैटजीपीटी पर फर्जी आधार कार्ड बनाने का आरोप है। सोशल मीडिया यूजर्स ने अपनी तस्वीरों के साथ एआई-जनरेटेड आधार कार्ड की तस्वीरें भी शेयर करना शुरू कर दिया है। सिर्फ इतना ही नहीं एक यूजर ने एलन मस्क के आधार कार्ड की फर्जी फोटो भी पोस्ट की है।
GPT-4o और घिबली ट्रेंड
बता दें कि पिछले हफ्ते, OpenAI ने चैटजीपीटी के GPT-4o के नए इमेज जनरेशन फीचर को पेश किया था, जिससे यूजर्स को नए तरीके से इमेज बनाने की सुविधा मिली। यह ट्रेंड इतना वायरल हुआ कि कुछ ही दिनों में यूजर्स ने 700 मिलियन (70 करोड़) से ज्यादा इमेज बना डाली, जिसमें Ghibli स्टाइल इफेक्ट प्रमुख था।
सोशल मीडिया पर पोस्ट हो रहे फर्जी आधार कार्ड
सोशल मीडिया यूजर्स ने अपनी फोटोज के साथ एआई-जनरेटेड आधार कार्ड की तस्वीरें शेयर करना शुरू कर दिया है। हालांकि, इन फोटो में चेहरे थोड़े अलग नजर आ रहे हैं, लेकिन इसका लेआउट, फॉन्ट और फॉर्मेट असली कार्ड जैसे लग रहे हैं। सिर्फ इतना ही नहीं एक यूजर ने एलन मस्क की आधार कार्ड फोटो को भी शेयर किया है।
क्या सही में आधार का हो सकता है गलत इस्तेमाल?
आधार कार्ड हर भारतीय व्यक्ति के लिए 12 अंकों की एक विशिष्ट पहचान है, जिसमें बच्चे और शिशु भी शामिल हैं। सरकार का कहना है कि यह "जनसांख्यिकीय और बायोमेट्रिक जानकारी के आधार पर हर व्यक्ति की विशिष्टता पहचान बताता है।" वहीं प्रत्येक व्यक्ति को एक ही विशिष्ट आधार आईडी नंबर दिया जाता है। लेकिन एआई को लेकर फर्जी आधार कार्ड की चिंता भी जन्म ले रही है।
आधार के साथ पैन कार्ड पर भी खतरा
यह जोखिम केवल आधार तक ही सीमित नहीं है। सोशल मीडिया यूजर्स ने असली जैसे दिखने वाले नकली पैन कार्ड बनाने की भी रिपोर्ट की है। जबकि आधार में एक मजबूत बैकएंड वेरिफिकेशन सिस्टम है। ऐसे में यदि एआई की मदद से फर्जी डॉक्यूमेंट क्रिएट किए जाते हैं तो आधार कार्ड और पैन कार्ड के साथ असली और नकली डॉक्यूमेंट को वेरीफाई करना समस्या पैदा कर सकता है।
कैसे चेक करें असली और नकली आधार कार्ड?
असली और नकली आधार कार्ड के अंतर को बेहतर ढंग से समझने के लिए आपको फोटो को ध्यान से देखना होगा। क्योंकि कुछ बारीक चीजों पर ध्यान देकर आप आसानी से यह पता कर सकते हैं कि इमेज एआई जनरेटेड है या नहीं।
- स्टेप 1- आईडी पर पासपोर्ट साइज फोटो को चेक करें। AI द्वारा जनरेटेड फोटो, यहां तक कि अपलोड की गई/रियर फोटो से प्राप्त फोटो भी अलग हो सकती हैं।
- स्टेप 2- असली और नकली आधार कार्ड पर हिंदी/अंग्रेजी फॉन्ट की तुलना करें।
- स्टेप 3- सिंटैक्स की जांच करें - आधार की संरचना, जिसमें कोलन, स्लैश और कॉमा की पॉजिशन शामिल है।
- स्टेप 4- आधार और भारत सरकार के लोगो को ध्यान से देखें।
- स्टेप 5- देखें कि आधार कार्ड पर कोई QR कोड है या नहीं। अगर है, तो स्कैन करके चेक करें कि यह असली है या नहीं।
