टेक एंड गैजेट्स

Fact check: क्या TikTok की भारत में हो रही है वापसी, जानें क्या है सच्चाई?

TikTok एक बार फिर से सुर्खियों में छा गया है। 5 साल तक बैन रहने के बाद अब इसकी भारत वापसी की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि इसको लेकर तस्वीर साफ हो गई है। टिकटॉक पर लगा बैन नहीं हटाया गया है।

Image

पॉपुलर शॉर्ट वीडियो मेकिंग ऐप टिकटॉक पर पांच साल पहले बैन लगा दिया गया था। (फोटो क्रेडिट-Digit)

TikTok in India: करीब 5 साल पहले गलवान घाटी में हुए विवाद के बाद भारत सरकार की तरफ से चीन के कई सारे ऐप्स पर बैन लगा दिया गया था। जिन ऐप्स को बैन किया गया था उसमें पॉपुलर शॉर्ट विडियो मेकिंग ऐप TikTok भी था। लंबे समय बाद भारत में यह चीनी ऐप एक बार फिर से सुर्खियों में छा गया है। कुछ यूजर्स की तरफ से इसकी वेबसाइट के ओपन होने की बात कही गई थी लेकिन, अब इसे लेकर सारी चीजें स्पष्ट हो गई हैं। सरकारी सूत्रों ने टिकटॉक को अनब्लॉक करने की खबरों को झूठा और भ्रामक करार दिया है।

टिकटॉक से प्रतिबंध हटाने की सच्चाई

सरकारी सूत्रों की मानें तो इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने उन रिपोर्ट्स का खंडन किया है जिसमें चाइनीज ऐप TikTok से प्रतिबंध हटाने की बात कही गई है। आधिकारिक सूत्रों ने स्पष्ट किया कि भारत में टिकटॉक के लिए किसी भी तरह से अनब्लॉकिंग के आदेश जारी नहीं किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक टिकटॉक के अनब्लाकिंग को लेकर किसी भी तरह की खबर झूठी और भ्रामक है।

गूगल प्ले स्टोर पर नहीं है ऐप

कुछ यूजर्स TikTok की वेबसाइट को ओपन तो कर पा रहे थे लेकिन वे इसमें लॉगिन करने या फिर वीडियो अपलोड करने में असमर्थ थे। भारत में अभी भी यह शॉर्ट वीडियो मेकिंग ऐप्लिकेशन गूगल प्ले स्टोर या फिर ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं है। दूरसंचार विभाग के सूत्रों की मानें तो इंटरनेट सर्विस देने वाली कंपनियों ने इस वेबसाइट को ब्लॉक कर रखा है।

5 साल पहले लगा था बैन

आपको बता दें कि 15-16 जून 2020 को गलवान घाटी में हुए विवाद के बाद भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई सारे चीनी ऐप्स पर बैन लगा दिया था। केंद्रीय मंत्रालय की तरफ से 59 मोबाइल ऐप्स को पूरी तरह से बैन कर दिया था। इसी लिस्ट में टिकटॉक, वीचैट और हेलो जैसे कई सारे पॉपुलर ऐप्स शामिल थे।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article