EPFO Rule Change 2025: पहली नौकरी हर किसी की जिंदगी में खास होती है और इस दौरान दिमाग में कई सवाल होते हैं। लेकिन इन सबके बीच कुछ ऐसे जरूरी काम भी होते हैं जो आपके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए अहम हैं। इन्हीं में से एक काम है EPFO से जुड़ा UAN (Universal Account Number) जनरेट करना, जो आपके पीएफ अकाउंट को मैनेज करने का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। यदि आप पहली नौकरी ज्वाइन करने की तैयारी कर रहे हैं तो आपको पीएफ और यूएएन नंबर से जुड़ा ये नया नियम जान लेना चाहिए। क्योंकि सरकार ने इसके नियमों में नए बदलाव किए हैं।
इसके तहत कर्मचारियों को अब अपने UAN (Universal Account Number) के लिए कंपनी या HR विभाग पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसके अलावा पहली नौकरी लगते ही कर्मचारी खुद UMANG ऐप के जरिए अपना UAN जनरेट और एक्टिवेट कर सकते हैं। खास बात यह है कि UAN बनते ही अपने आप एक्टिव हो जाएगा और कर्मचारी तुरंत e-UAN कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
अब HR विभाग पर निर्भरता खत्म
पहले कर्मचारियों को UAN के लिए अपनी कंपनी या HR टीम पर निर्भर रहना पड़ता था। कई बार इसमें देरी होती थी और PF से जुड़े काम अटक जाते थे। नए नियम के बाद कर्मचारी खुद UAN जनरेट कर पाएंगे और यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और कॉन्टैक्टलेस होगी।
आधार और फेस स्कैन से वेरीफिकेशन
EPFO ने साफ किया है कि अब सभी नए यूएएन अलॉटमेंट UMANG ऐप से ही होंगे। इसके लिए कर्मचारी को अपना आधार नंबर और उससे लिंक मोबाइल नंबर डालकर OTP वेरिफिकेशन करना होगा। इसके बाद ऐप पर लाइव फेस स्कैन किया जाएगा, जिसे UIDAI के रिकॉर्ड से मैच करके पहचान की पुष्टि होगी। इससे फर्जीवाड़े की संभावना पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
स्टेप-बाय-स्टेप आसान प्रक्रिया
UMANG ऐप और AadhaarFaceRD ऐप डाउनलोड करने के बाद कर्मचारी को "UAN Allotment and Activation" सर्विस चुननी होगी। आधार और मोबाइल नंबर डालकर OTP वेरिफिकेशन पूरा करने के बाद कैमरे से फेस स्कैन करना होगा। सफल वेरीफिकेशन के बाद तुरंत SMS के जरिए नया UAN मिल जाएगा।
तुरंत मिलेगा e-UAN कार्ड
जैसे ही UAN जनरेट होता है, यह अपने आप एक्टिवेट हो जाएगा। कर्मचारी उसी समय UMANG ऐप या EPFO पोर्टल से अपना e-UAN कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यानी अब पहली नौकरी मिलते ही PF अकाउंट से जुड़े सभी जरूरी काम बिना देरी के शुरू किए जा सकेंगे।
