अक्सर देखा जाता है कि लोग नया स्मार्टफोन खरीदने के बाद या फिर उससे पहले अपना पुराना स्मार्टफोन बेज देते हैं। अगर आप भी अपना पुराना फोन बेचने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है। दरअसल कई बार लोग जल्दबाजी में बिना ठीक से डेटा रिमूव किए ही फोन बेच देते हैं जिसकी वजह से बाद में प्राइवेसी ब्रीच होने समेत दूसरी कई समस्याएं भी हो जाती हैं। पुराने स्मार्टफोन में हमारी कई सारी पर्सनल चीजें होती है इसलिए फोन की अच्छे से सफाई जरूरी है। अगर आपको लगता है कि सिर्फ गैलरी से फोटो वीडियो डिलीट कर देने से फोन से डाटा हट जाता है तो ऐसा नहीं है। अगर आप इन चीजों को सही तरीके नहीं हटाते हैं तो साइबर फ्रॉड का खतरा बढ़ सकता है।
साइबर एक्सपर्ट भी लोगों को फोन बेचने से पहले अच्छे से सफाई करने की सलाह देते हैं ताकि किसी भी तरह से पर्सनल डेटा को रिस्टोर न किया जा सके। अगर आप इसे इग्नोर करते हैं तो फोन बेचने के बाद आपकी पर्सनल जानकारी किसी गलत हाथ में लग सकती है जिससे आपकी मुसीबत बढ़ सकती है। आइए आपको बताते हैं कि फोन बेचने से पहले आपको किन-किन स्टेप्स को फॉलो करना चाहिए।
बैकअप लेना न भूलें
स्मार्टफोन महंगा हो या फिर सस्ता अगर आप उसे बेचने की प्लानिंग कर रहे हैं तो सबसे पहला और जरूरी काम है अपने पर्सनल डेटा का बैकअप लेना। बैकअप लेने से आपके सभी जरूरी चीजें जैसे- फोटो, वीडियो, डॉक्यूमेंट पूरी तरह से सुरक्षित रहेंगे। बैकअप के लिए आप क्लाउट स्टोरेज, हार्ड ड्राइव या फिर लैपटॉप के स्टोरेज का इस्तेमाल कर सकते हैं।
डिवाइस से हटाएं गूगल और एप्पल आईडी
अगर आपके पास एंड्रॉयड स्मार्टफोन है तो स्मार्टफोन बेचने से पहले गूगल अकाउंट को लॉगआउट करना न भूलें। कई बार लोग सिर्फ फोटो वीडियो डिलीट कर देंगे और फोन से आईडी हटाना भूल जाते हैं। आपको इस बात भी ध्यान रखना होगा। अगर आप आईफोन इस्तेमाल कर रहे हैं तो एप्पल आईडी हटाना जरूरी है।
बैंकिंग और यूपीआई ऐप्स करें साफ
स्मार्टफोन बेचने जा रहे हैं तो आपको फोटो-वीडियो और मैसेज के साथ साथ अपने ऑनलाइन पेमेंट वाले बैंकिंग ऐप्स को भी जरूर हटाना चाहिए। ध्यान रहे कि मोबाइल बैंकिंग और डिजिटल वॉलेट ऐप्स को सिर्फ डिलीट करना ही सही नहीं है। पहले उन ऐप्स को लॉगआउट करें और फिर उन्हें अनइंस्टाल करें। आपकी एक छोटी सी लापरवाही बड़े फ्रॉड की वजह बन सकती है।
फैक्ट्री रीसेट करें
स्मार्टफोन बेचने से पहले आपको उसे फैक्ट्री रीसेट करना बेहद जरूरी है। आप स्मार्टफोन को दो बार भी रीसेट कर सकते हैं। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि फैक्ट्री रीसेट से पहले आपके सभी तरह के अकाउंट लॉगआउट हों ऐसा इसलिए क्योंकि कुछ ऐप्स डेटा का बैकअप बना लेते हैं।
