Reliance Disney India merger: भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने बुधवार को कहा कि उसने देश की सबसे बड़ी मीडिया कंपनी के गठन के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज और वॉल्ट डिज्नी कंपनी की मीडिया यूनिट के विलय को मंजूरी दे दी है। प्रतिस्पर्धा आयोग ने इस विलय समझौते को दोनों पक्षों द्वारा प्रस्तावित कुछ संशोधनों के साथ मंजूरी दी है।
Reliance Disney India merger (File Photo)
वायकॉम18 और स्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड
रिलायंस इंडस्ट्रीज की मीडिया यूनिट वायकॉम18 और वॉल्ट डिज्नी की मीडिया यूनिट स्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एसआईपीएल) के बीच विलय की घोषणा साल की शुरुआत में की गई थी। इस समझौते के लागू होने पर देश की सबसे बड़ी मीडिया कंपनी का गठन होगा।
ये भी पढ़ें: व्हाट्सएप के जरिए टैक्स फाइल कर सकेंगे अस्थायी कर्मचारी, क्लियरटैक्स और माइक्रोसॉफ्ट ने दी सुविधा
प्रतिस्पर्धा नियामक सीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि उसने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, वायकॉम18 मीडिया प्राइवेट लिमिटेड, डिजिटल 18 मीडिया लिमिटेड, स्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और स्टार टेलीविजन प्रोडक्शंस लिमिटेड के प्रस्तावित संयोजन को स्वैच्छिक संशोधनों के अनुपालन के अधीन मंजूरी दे दी है।
किसके पास कितनी हिस्सेदारी
हालांकि, प्रतिस्पर्धा आयोग ने दोनों पक्षों की तरफ से मूल सौदे में किए गए इन स्वैच्छिक संशोधनों का खुलासा नहीं किया है। इस डील के तहत रिलायंस और उसकी सहयोगी यूनिट्स की संयुक्त मीडिया कंपनी में 63.16 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी जबकि वॉल्ट डिज्नी के पास शेष 36.84 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। विलय के बाद गठित होने वाली मीडिया कंपनी के पास दो स्ट्रीमिंग सेवाएं और 120 टेलीविजन चैनल होंगे।
इनपुट-भाषा
