बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए इस समय अमरनाथ में लगातार भक्त पहुंच रहे हैं। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक करीब 1.5 लाख लोग दर्शन को पहुंच चुके हैं। अगर आप भी अमरनाथ यात्रा पर जाने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है। दरअसल अब अमरनाथ जाने वाले यात्रियों के लिए स्पेशल सिम कार्ड आ चुका है। इस सिम कार्ड की मदद से अपनी यात्रा के दौरान कम कीमत में लोगों से कनेक्ट रह पाएंगे। आइए आपको इस नए सिम कार्ड के बारे में डिटेल जानकारी देते हैं।
अमरनाथ यात्रा के दौरान मोबाइल नेटवर्क की बड़ी समस्या रहती है। इसकी वजह से कई बार लोग अपने लोगों को ठीक प्रकार से जानकारी भी नहीं दे पाते। हालांकि अब यह समस्या खत्म होने वाली है। सरकारी टेलिकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड यानी बीएसएनएल ने भोलेनाथ के दर्शन करने जाने वाले यात्रियों की बड़ी टेंशन खत्म कर दी है। BSNL की तरफ से अमरनाथ जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए खास Yatra Sim कार्ड पेश किया गया है।
200 रुपये से कम में मिलेगा सिम कार्ड
BSNL Yatra SIM कार्ड को कंपनी ने बेहद अफोर्डेबल प्राइस में लॉन्च किया है। यात्रा सिम को खरीदने के लिए आपको 200 रुपये से भी कम कीमत खर्च करना पड़ेगा। आप इसे सिर्फ 196 रुपये में खरीद सकते हैं। इसमें यात्रियों को 15 दिन की वैलिडिटी और मजबूत नेटवर्क कनेक्टिविटी मिलेगी। कंपनी के मुताबिक इस सिम कार्ड की मदद से श्रद्धालु पहाड़ी क्षेत्रों पर भी फोन पर अपने परिवार के लोगों के साथ कनेक्ट रह सकेंगे।
Yatra SIM यहां से खरीदें
BSNL ने Yatra Sim को अलग-अलग क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए खासतौर पर डिजाइन किया है। अगर आप इस यात्रा सिम को खरीदना चाहते हैं तो बता दें कि इसे कंपनी की तरफ से लगाए गए कैंप पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। ये कैंप लक्ष्मणपुर, भगवती नगर, चंदरकोट, पहलगाम और बालटाल समेत कई दूसरे जगहों पर लगाए गए हैं। BSNL ने ऐसा ही प्लान यात्रियों के लिए साल 2021 में भी पेश किया था। कंपनी के मुताबिक नया सिम कार्ड लेटेस्ट टेक्नोलॉजी पर बेस्ड है।
