Bliss/Bucolic Green Hills which became Microsoft Windows XP Desktop Wallpaper: ऊपर हल्के नीले रंग का खुला आसमान, बीच में हल्के-फुल्के सफेद बादल और नीचे ताजगी भर देने वाले हरे रंग की पहाड़ी...यह दृश्य दिमाग में आते ही आपको कुछ याद आता है? जरा, जोर डालिए...नहीं समझ आए तो अपने डेस्कटॉप या पर्सनल कंप्यूटर के कुछ साल पहले के वॉलपेपर/होम स्क्रीन को याद करिएगा, आप पाएंगे कि यह हू-ब-हू तस्वीर वहीं हुआ करती थी।
यह तस्वीर माइक्रोसॉफ्ट विंडोज एक्सपी पर कई बरसों तक डिफॉल्ट वॉलपेपर के तौर पर रही है। (फाइलः माइक्रोसॉफ्ट)
दरअसल, इस हिल (पहाड़ी) से जुड़ी लैंडस्केप फोटोग्राफी वाली यह इमेज बरसों से माइक्रोसॉफ्ट विंडोज एक्सपी (Windows XP) के डेस्कटॉप पर राज करती रही है। सबसे खास बात है कि यह कोई आर्ट, पेटिंग या फिर एनिमेटेड डिजाइन नहीं बल्कि असल में एक लोकेशन का फोटोग्राफ है, जिसमें किसी प्रकार की एडिटिंग नहीं की गई थी। यह फोटो जनवरी 1996 में लिया गया था। माइक्रोसॉफ्ट कंपनी ने साल 2000 इस फोटो के राइट्स खरीद लिए थे।
नेशनल जियोग्राफिक के पूर्व फोटोग्राफर चार्ल्स ओ'रियर (नापा वैली के निवासी) ने इस तस्वीर को अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित वाइन कंट्री में लॉस कार्निरोस अमेरिकन विटिकल्चर एरिया में अपने मीडियम फॉर्मैट ममिया आरजेड67 कैमरे में कैद किया था। फोटो/दश्य को आज दुनिया ब्लिस वॉलपेपर (Bliss Wallpaper) के तौर पर जानती है, जिसका असल टाइटल- बूकोलिक ग्रीन हिल्स है।
यह कभी डीफॉल्ट कंप्यूटर वॉलपेपर हुआ करता था। ऐसे में समझा जा सकता है कि इसे दुनिया भर में अरबों लोगों ने देखा होगा और संभवतः यह इतिहास में सबसे अधिक देखा जाने वाला फोटो होगा, मगर तेजी से बदलते समय और तकनीक के साथ यह धीमे-धीमे होमपेज से गायब हो गया।
चूंकि, एक नजर में देखने में यह फोटो इतना खूबसूरत लगता है कि इसे देखने वालों में बड़ा वर्ग मानता रहा है कि इस तस्वीर को एडिट किया गया होगा या फिर इसे अडोब फोटोशॉप सरीखे किसी भारी-भरकंप सॉफ्टवेयर या टूल पर बनाया गया होगा, पर यह सच नहीं है। तस्वीर को लेकर जब इस बाबत ओ'रियर से सवाल हुआ था तो उन्होंने साफ किया था कि ऐसा (एडिटिंग) कभी नहीं हुआ।
ओ'रियर ने इस तस्वीर को वेस्टलाइट को बेचा था, ताकि इसे स्टॉक फोटो के नाते इस्तेमाल किया जा सके और तब इसे बूकोलिक ग्रीन हिल्स टाइटल मिला था। 1998 में कॉर्बिस ने वेस्टलाइट को खरीद लिया, जिसने सबसे अधिक बिकने वाले फोटोज़ को डिजिटाइज करना शुरू किया। अधिगृहण के दो साल बाद माइक्रोसॉफ्ट की डिजाइन टीम ने यह फैसला लिया कि वह इस तस्वीर को विंडो एक्सपी के वॉलपेपर के तौर पर यूज करेगी।
