टेक एंड गैजेट्स

Apple ने भारतीय कर्मचारियों के लिए उठाया बड़ा कदम, नई स्किल्स सिखाने के लिए लॉन्च किया एजुकेशन हब

Apple की तरफ से शेयर की गई जानकारी के अनुसार यह नए कोर्स उसके 50 मिलियन डॉलर (करीब 452 करोड़ रुपये) के ग्लोबल Supplier Employee Development Fund का हिस्सा हैं। ये कोर्स भारत की 25 अलग अलग सप्लायर साइट्स पर भी उपलब्ध होंगे।

Image

एप्पल अपने कर्मचारियों को सिखाएगा नई स्किल्स।

टेक जायंट एप्पल ने भारत के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने भारत में अपने सप्लायर नेटवर्क से जुड़े कर्मचारियों के लिए स्किल डेवलपमेंट और ट्रेनिंग प्रोग्राम को और बढ़ाने की घोषणा की है। कंपनी की मानें तो जिन देशों में उसकी मैन्युफैक्चरिंग बढ़ रही है वहां के कर्मचारियों को मजबूत करना कंपनी के प्रमुख कार्यों में से एक है। इसी के तहत Apple ने भारत में एक नया Education Hub शुरू किया है, जहां कर्मचारियों को उनकी रोज की नौकरी के अलावा टेक्नोलॉजी से जुड़ी नई स्किल्स सिखाई जाएंगी।

भारत में शुरू किया गया यह नया एजुकेशन हब, Manipal Academy of Higher Education (MAHE) के सहयोग से तैयार किया गया है। Apple के मुताबिक, यह हब ऐसा मंच बनेगा, जहां ट्रेनर और स्टूडेंट्स अनुभवी शिक्षकों से सीधे सीख सकेंगे। Apple की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सारा चैंडलर ने बताया कि भारत में टेक्निकल ट्रेनिंग को बढ़ाकर कंपनी हजारों कर्मचारियों को नई स्किल्स सीखने और अपने करियर में आगे बढ़ने का अवसर दे रही है। इसका एक बड़ा फायदा यह भी होगा कि लोगों को सर्विस देने में भी सहूलियत मिलेगी।

कर्मचारी बनेंगे पहले से ज्यादा कुशल

एप्पल की इस योजना के तहत MAHE के फैकल्टी मेंबर सप्लायर कंपनियों के ट्रेनर्स को ट्रेनिंग देंगे। इसके बाद ये ट्रेनर्स बड़े पैमाने पर कर्मचारियों को अलग-अलग टेक्निकल स्किल्स सिखाएंगे। इसकी शुरुआत Tata Electronics से होगी। कंपनी के मुताबिक आगे चलकर ये कोर्स भारत की 25 अलग अलग सप्लायर साइट्स पर भी उपलब्ध होंगे। इन ट्रेनिंग प्रोग्राम्स में डिजिटल लिटरेसी, Swift कोडिंग, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जैसी स्किल्स सिखाई जाएंगी। Apple के मुताबिक, ये कोर्स कर्मचारियों इंडस्ट्री में और ज्यादा कुशल बनाएंगे।

50 मिलियन डॉलर फंड का हिस्सा है कोर्स

Apple की तरफ से शेयर की गई जानकारी के अनुसार यह नए कोर्स उसके 50 मिलियन डॉलर (करीब 452 करोड़ रुपये) के ग्लोबल Supplier Employee Development Fund का हिस्सा हैं। इस पहल के बाद भारत में Apple और उसके पार्टनर अब सप्लायर कर्मचारियों के लिए 75 से ज्यादा कोर्स उपलब्ध करा रहे हैं। कंपनी ने दिसंबर 2024 में भारत में रोबोटिक्स ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया था, जिसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला। अब Apple 2026 तक इस प्रोग्राम को और आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article