Android 16 fights phone scams: अब फोन पर बात करते हुए कोई आपको ऐप डाउनलोड करने या बैंकिंग डिटेल्स देने के लिए मना नहीं सकेगा। गूगल ने Android 16 में ऐसे जबरदस्त सिक्योरिटी फीचर्स पेश किए हैं जो स्कैम कॉल्स को रोकने में आपकी मदद करेंगे। गूगल ने द एंड्रॉइड शो: I/O एडिशन (Google I/O) में कहा कि यूजर्स को कॉल के दौरान एआई की मदद से सिक्योर रखा जाएगा।
Android 16
कॉल के दौरान अब नहीं चलेगी स्कैमर्स की चाल
अगर आप किसी ऐसे नंबर से कॉल पर हैं जो आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में नहीं है, तो अब आप कॉल के बीच में कोई नया ऐप डाउनलोड नहीं कर पाएंगे। खासकर जब कोई आपको ब्राउजर, मैसेजिंग ऐप या फाइल शेयर करके कोई ऐप इंस्टॉल करने को कहे।
इतना ही नहीं, अब कॉल के दौरान किसी भी ऐप को एक्सेसिबिलिटी परमिशन देना भी ब्लॉक रहेगा। अगर कोई आपको ऐसा करने को कहे, तो स्क्रीन पर साफ मैसेज आएगा, "This setting is blocked to protect your device." यानी अब स्कैमर्स का चालाकी से फोन पर कंट्रोल लेना आसान नहीं होगा।
बैंकिंग ऐप्स पर भी नजर
गूगल ने यूके में एक और फीचर की टेस्टिंग शुरू की है, जिसमें अगर आप कॉल के दौरान स्क्रीन शेयर कर रहे हैं और किसी बैंकिंग ऐप (जैसे Monzo, NatWest या Revolut) को खोलते हैं, तो आपको एक चेतावनी दी जाएगी- “संभावित स्कैम हो सकता है।”
आपके पास ऑप्शन होगा या तो तुरंत कॉल काटें, या फिर 30 सेकंड रुककर ऐप खोलें। ये थोड़ा असुविधाजनक लग सकता है, लेकिन आपकी सुरक्षा के लिए है- खासकर जब धोखेबाज स्क्रीन शेयरिंग से बैंक डिटेल्स चुराने की कोशिश करते हैं।
AI से अब कॉल और मैसेज दोनों पर नजर
Android 16 में अब ऑन-डिवाइस AI की मदद से आपके कॉल को रियल टाइम में स्कैन किया जाएगा (बिना रिकॉर्डिंग या स्टोर किए)। अगर कॉल पर कोई आपको पैसे ट्रांसफर करने, OTP देने या पर्सनल जानकारी पूछने की कोशिश करे, तो आपका फोन तुरंत-आवाज, वाइब्रेशन और स्क्रीन अलर्ट के जरिए वॉर्निंग देगा।
यही टेक्नोलॉजी अब आपके मैसेज ऐप में भी काम करेगी। चाहे SMS हो, MMS या RCS- अनजान नंबर से आने वाले संदिग्ध मैसेज पर AI आपको अलर्ट करेगा। आप चाहें तो ऐसे मैसेज को रिपोर्ट, ब्लॉक या इग्नोर कर सकते हैं।
प्राइवेसी बनी रहेगी
कुछ लोग इस तरह की रियल-टाइम मॉनिटरिंग को लेकर चिंतित हैं, लेकिन गूगल का कहना है कि सबकुछ आपके फोन पर ही होता है- कोई डेटा सर्वर पर नहीं भेजा जाता। और अगर आपको ये फीचर्स नहीं चाहिए, तो आप इसे बंद भी कर सकते हैं।
Google I/O 2025: गूगल का मेगा इवेंट
Google I/O, जो कि टेक जायंट गूगल का सालाना डेवलपर इवेंट है, आज रात यानी 20 मई से शुरू होकर 21 मई तक चलेगा। इस बार भी उम्मीद है कि कंपनी के CEO सुंदर पिचाई, DeepMind के को-फाउंडर डेमिस हासाबिस, और अन्य प्रमुख लीडर्स कुछ बड़ी घोषणाएं करेंगे और इस साल भी केंद्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ही रहेगा।
इस साल गूगल से क्या उम्मीदें
- Gemini मॉडल्स पर सबसे ज्यादा फोकस रहने वाला है।
- खासकर Gemini 2.5 Pro अपडेट को लेकर बहुत उम्मीदें हैं, जो इस साल का एक मुख्य आकर्षण माना जा रहा है।
- इसके अलावा गूगल DeepMind का Project Astra भी चर्चा में है। इस पर नई घोषणा की जा सकती है।
- LearnLM- एक AI-पावर्ड लर्निंग मॉडल, जिसे शिक्षा और कंटेंट समझने के लिए बेहतर बनाया जा रहा है।
- Android 16 के नए फीचर्स और इसके अपडेट को लेकर गूगल नई जानकारी देगा।
- इसमें बेहतर AI इंटीग्रेशन, स्मार्ट रिप्लाई फीचर्स, और पर्सनलाइज्ड इंटरफेस जैसे फीचर्स आने वाले हैं।
