टेक एंड गैजेट्स

Google I/O 2025: फोन कॉल स्कैम से बचाएगा गूगल, Android 16 में आया यह धांसू फीचर

Android 16 fights phone scams: गूगल ने एंड्रॉयड 16 में प्राइवेसी और सुरक्षा से संबंधित कई नए फीचर शामिल किए हैं। इनमें स्कैम कॉल से बचाने की सुविधा भी शामिल है। अगर आप किसी ऐसे नंबर से कॉल पर हैं जो आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में नहीं है, तो अब आप कॉल के बीच में कोई नया ऐप डाउनलोड नहीं कर पाएंगे।

Image

Android 16

Android 16 fights phone scams: अब फोन पर बात करते हुए कोई आपको ऐप डाउनलोड करने या बैंकिंग डिटेल्स देने के लिए मना नहीं सकेगा। गूगल ने Android 16 में ऐसे जबरदस्त सिक्योरिटी फीचर्स पेश किए हैं जो स्कैम कॉल्स को रोकने में आपकी मदद करेंगे। गूगल ने द एंड्रॉइड शो: I/O एडिशन (Google I/O) में कहा कि यूजर्स को कॉल के दौरान एआई की मदद से सिक्योर रखा जाएगा।

कॉल के दौरान अब नहीं चलेगी स्कैमर्स की चाल

अगर आप किसी ऐसे नंबर से कॉल पर हैं जो आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में नहीं है, तो अब आप कॉल के बीच में कोई नया ऐप डाउनलोड नहीं कर पाएंगे। खासकर जब कोई आपको ब्राउजर, मैसेजिंग ऐप या फाइल शेयर करके कोई ऐप इंस्टॉल करने को कहे।

इतना ही नहीं, अब कॉल के दौरान किसी भी ऐप को एक्सेसिबिलिटी परमिशन देना भी ब्लॉक रहेगा। अगर कोई आपको ऐसा करने को कहे, तो स्क्रीन पर साफ मैसेज आएगा, "This setting is blocked to protect your device." यानी अब स्कैमर्स का चालाकी से फोन पर कंट्रोल लेना आसान नहीं होगा।

बैंकिंग ऐप्स पर भी नजर

गूगल ने यूके में एक और फीचर की टेस्टिंग शुरू की है, जिसमें अगर आप कॉल के दौरान स्क्रीन शेयर कर रहे हैं और किसी बैंकिंग ऐप (जैसे Monzo, NatWest या Revolut) को खोलते हैं, तो आपको एक चेतावनी दी जाएगी- “संभावित स्कैम हो सकता है।”

आपके पास ऑप्शन होगा या तो तुरंत कॉल काटें, या फिर 30 सेकंड रुककर ऐप खोलें। ये थोड़ा असुविधाजनक लग सकता है, लेकिन आपकी सुरक्षा के लिए है- खासकर जब धोखेबाज स्क्रीन शेयरिंग से बैंक डिटेल्स चुराने की कोशिश करते हैं।

AI से अब कॉल और मैसेज दोनों पर नजर

Android 16 में अब ऑन-डिवाइस AI की मदद से आपके कॉल को रियल टाइम में स्कैन किया जाएगा (बिना रिकॉर्डिंग या स्टोर किए)। अगर कॉल पर कोई आपको पैसे ट्रांसफर करने, OTP देने या पर्सनल जानकारी पूछने की कोशिश करे, तो आपका फोन तुरंत-आवाज, वाइब्रेशन और स्क्रीन अलर्ट के जरिए वॉर्निंग देगा।

यही टेक्नोलॉजी अब आपके मैसेज ऐप में भी काम करेगी। चाहे SMS हो, MMS या RCS- अनजान नंबर से आने वाले संदिग्ध मैसेज पर AI आपको अलर्ट करेगा। आप चाहें तो ऐसे मैसेज को रिपोर्ट, ब्लॉक या इग्नोर कर सकते हैं।

प्राइवेसी बनी रहेगी

कुछ लोग इस तरह की रियल-टाइम मॉनिटरिंग को लेकर चिंतित हैं, लेकिन गूगल का कहना है कि सबकुछ आपके फोन पर ही होता है- कोई डेटा सर्वर पर नहीं भेजा जाता। और अगर आपको ये फीचर्स नहीं चाहिए, तो आप इसे बंद भी कर सकते हैं।

Google I/O 2025: गूगल का मेगा इवेंट

Google I/O, जो कि टेक जायंट गूगल का सालाना डेवलपर इवेंट है, आज रात यानी 20 मई से शुरू होकर 21 मई तक चलेगा। इस बार भी उम्मीद है कि कंपनी के CEO सुंदर पिचाई, DeepMind के को-फाउंडर डेमिस हासाबिस, और अन्य प्रमुख लीडर्स कुछ बड़ी घोषणाएं करेंगे और इस साल भी केंद्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ही रहेगा।

इस साल गूगल से क्या उम्मीदें

  • Gemini मॉडल्स पर सबसे ज्यादा फोकस रहने वाला है।
  • खासकर Gemini 2.5 Pro अपडेट को लेकर बहुत उम्मीदें हैं, जो इस साल का एक मुख्य आकर्षण माना जा रहा है।
  • इसके अलावा गूगल DeepMind का Project Astra भी चर्चा में है। इस पर नई घोषणा की जा सकती है।
  • LearnLM- एक AI-पावर्ड लर्निंग मॉडल, जिसे शिक्षा और कंटेंट समझने के लिए बेहतर बनाया जा रहा है।
  • Android 16 के नए फीचर्स और इसके अपडेट को लेकर गूगल नई जानकारी देगा।
  • इसमें बेहतर AI इंटीग्रेशन, स्मार्ट रिप्लाई फीचर्स, और पर्सनलाइज्ड इंटरफेस जैसे फीचर्स आने वाले हैं।
Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article