Airtel 100GB Google One cloud storage: भारती एयरटेल ने गूगल के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत एयरटेल यूजर्स को 100GB Google One क्लाउड स्टोरेज 6 महीने के लिए बिल्कुल फ्री मिलेगा। हालांकि, यह सुविधा केवल पोस्टपेड मोबाइल और ब्रॉडबैंड (Wi-Fi) यूजर्स के लिए ही है।
क्या है एयरटेल का फ्री ऑफर?
एयरटेल के अनुसार, यह ऑफर एयरटेल के पोस्टपेड मोबाइल और ब्रॉडबैंड (Wi-Fi) यूजर्स के लिए है और एक्टिवेशन की तारीख से 6 महीनों के लिए मान्य रहेगा। इस लाभ को यूजर्स Airtel Thanks ऐप के जरिए रिडीम कर सकते हैं। ऐप में Google One स्टोरेज प्लान को एक्टिवेट करने का विकल्प मिलेगा।
एक बार एक्टिवेशन हो जाने पर यूजर्स को Google Photos, Google Drive और Gmail में 100GB तक की क्लाउड स्टोरेज का एक्सेस मिलेगा। आईफोन और एंड्रॉयड दोनों तरह के यूजर्स इस ऑफर का फायदा ले सकते हैं।
5 लोगों के साथ प्लान कर सकेंगे शेयर
इसके अलावा, यूजर्स अपने स्टोरेज प्लान को पांच अन्य लोगों के साथ साझा कर सकेंगे। यह उन परिवारों या छोटी टीमों के लिए विशेष रूप से उपयोगी हो सकता है जो प्रत्येक यूजर्स के लिए अतिरिक्त भुगतान किए बिना एक ही प्लान के तहत अपनी फाइलों और बैकअप का मैनेजमेंट करना चाहते हैं।
6 महीने बाद कितना देना होगा पैसा?
6 महीने के फ्री एक्सेस के साथ यूजर्स यदि Google One मेंबरशिप जारी रखना चाहते हैं तो इसके लिए उन्हें 125 रुपये प्रति माह चुकाने होंगे। यदि यूजर्स सर्विस को जारी नहीं रखता है तो उसको डेटा बैकअप के लिए समय दिया जा सकता है। बता दें कि गूगल वन के 100 जीबी प्लान की कीमत 130 रुपये प्रति माह या सालाना 1,300 रुपये है।
