टेक एंड गैजेट्स

AC ब्लास्ट सिर्फ गर्मी की वजह से नहीं होता, ये गलतियां भी बना देती हैं आग का गोला

लगातार एसी ब्लास्ट के बढ़ते मामलों ने लोगों की टेंशन बढ़ा दी है। ऐसा नहीं है कि सिर्फ तेज तापमान ही एसी ब्लास्ट की एक बड़ी वजह है। कई बार गलत तरीके से इस्तेमाल करना या फिर लापरवाही की वजह से एसी ब्लास्ट हो जाता है।

Image

गर्मी में एक छोटी सी गलती आपका बड़ा नुकसान करा सकती है।

देश के अधिकांश राज्यों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी से बचने के लिए लोग जमकर एयर कंडीशनर का इस्तेमाल कर रहे हैं। गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर के ब्लास्ट होने के भी कई सारे मामले सामने आते हैं। हाल ही में दिल्ली के पास पॉश हौज खास इलाके एसी ब्लास्ट की घटना सामने आई जिसमें सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई। इससे पहले विवेक विहार से भी ऐसी ही घटना सामने आई थी। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल पैदा होता है कि आखिर गर्मी में एसी ब्लास्ट के मामले क्यों बढ़ जाते हैं।

लगातार एसी ब्लास्ट के बढ़ते मामलों ने लोगों की टेंशन बढ़ा दी है। ऐसा नहीं है कि सिर्फ तेज तापमान ही एसी ब्लास्ट की एक बड़ी वजह है। कई बार गलत तरीके से इस्तेमाल करना या फिर लापरवाही की वजह से एसी ब्लास्ट हो जाता है। अगर आप गर्मी से बचने के लिए एसी चला रहे हैं तो आपको कुछ बातों का भी ध्यान रखना जरूरी है जिससे लाइफ सेफ रहे।

गर्मी में होती है ये बड़ी गलती

एसी ब्लास्ट की एक सबसे बड़ी वजह है कि इसका लगातार इस्तेमाल करना। भीषण गर्मी में कई बार लोग 8-10 घंटे तक लगातार एसी चलाते रहते हैं। इतनी देर तक लगातार चलने की वजह से कंप्रेशर बहुत अधिक गर्म हो जाता है और बढ़ा हुआ तापमान इसमें और बढ़ोतरी कर देता है। गर्मी के मौसम में आपको कभी भी 10-12 घंटे तक लगातार एसी नहीं चलाना चाहिए।

फिल्टर को करें चेक

कई बार लोगों को कुछ संकेत भी मिलते हैं लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जाता। धूल भरी आंधी, तेज हवा चलने की वजह से एसी के फिल्टर बहुत जल्दी गर्म हो जाते हैं। गंदे फिल्टर हवा के प्रवाह को रोक देते हैं जिससे कूलिंग भी कम होती है और कंप्रेशर पर दबाव भी बढ़ता है। अगर आपको कूलिंग कम मिल रही है तो फिल्टर को तुरंत चेक करना चाहिए।

क्या R-32 गैस है ब्लास्ट की वजह?

आजकल ज्यादातर नए इनवर्टर AC में R-32 गैस का इस्तेमाल किया जाता है। इससे पहले R-22 और R-410 जैसी गैसें इस्तेमाल होती थीं। आपको बता दें कि R-32 अधिक ज्वलनशील गैस है। R-32 पर्यावरण के लिए बेहतर मानी जाती है और कूलिंग भी ज्यादा प्रभावी देती है। हालांकि फिलहाल अभी तक एक्सपर्ट ने इस गैस को ब्लास्ट का कारण नहीं माना है।

गलत सर्विसिंग सबसे बड़ा खतरा

एक्स्पर्ट की मानें तो एसी ब्लास्ट का एक सबसे बड़ा कारण लोगों का लोकल मैकेनिक से सर्विस कराना है। कई बार लोग कम खर्च की वजह से कंपनी को बिना कॉल किए बाहर से सर्विस करा लेते हैं और यही पर बड़ी गड़बड़ होती है। बता दें कि लोकल मैकेनिक कई बार वैक्यूम प्रक्रिया के बिना ही गैस फिल कर देते हैं। इसकी वजहसे पाइप के अंदर हवा और नमी रह जाती है। जब ऊपर से पाइप में हाई प्रेशर गैस भरी जाती है तो कंप्रेसर पर दबाव पड़ता है और ब्लास्ट का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए आप जब भी एसी की सर्विस कराएं एक्सपर्ट को ही बुलाएं।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article