नई दिल्ली: भारत की स्टार बॉक्सर निख़त जरीन ने एक बार फिर देश का गौरव बढ़ाया है। नई दिल्ली में चल रही महिलाओं की वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशप में 50 किग्रा भारवर्ग का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में निखत जरीन ने वियतनाम की मुक्केबाज नुयेन थी टैम को शानदार अंदाज में 5-0 से मात दी। ये निखत का लगातार दूसरा विश्व चैंपियनशिप खिताब है। पिछले साल उन्होंने 52 किग्रा भारवर्ग में वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीता था। इस बार उन्होंने उससे कम भारवर्ग में भाग लिया और लगातार दूसरा वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब अपने नाम करने में सफल हुंई।
निखत जरीन
Consecutive World Championships 🥇 medal for Nikhat Zareen 🇮🇳 😍🔥Nikhat wins the bout 5️⃣-0️⃣ 🔥💪@AjaySingh_SG l… t.co/1kDgfRYDrQ
— ANI (@ANI) Mar 26, 2023
वर्ल्ड चैंपियनशिप में लगातार दो गोल्ड जीतने वाली दूसरी भारतीय
पिछले साल निखत जरीन बॉक्सिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली पांचवीं भारतीय महिला बनी थीं। ऐसे में वो एमसी मेरीकॉम के बाद वर्ल्ड चैंपियनशिप में एक से ज्यादा और लगातार दो गोल्ड जीतने वाली दूसरी भारतीय बन गई हैं। छह बार की वर्ल्ड चैंपियन मेरी कॉम ने साल 2002, 2005, 2006, 2008, 2010 और 2018 में विश्व चैंपियन खिताब अपने नाम किए। साल 2006 में वो अपना खिताब बचा पाने में सफल रहीं थीं। 2005 में भी उन्होंने विश्व चैंपियनशिप खिताब अपने नाम किया था जो कि उनका दूसरा खिताब था।
मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन में भारत का तीसरा गोल्ड
यह मौजूदा वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है। निखत से पहले शनिवार को 48 किग्राभार वर्ग में नीतू गंघास और 81 किग्रा भारवर्ग में स्वीटी बूरा ने अपने नाम स्वर्ण पदक किए। निखत ने भी अपने धमाकेदार पंच का दम दिखाते हुए तीसरा स्वर्ण पदक भारत की झोली में डाल दिया है। ऐसे में भारत के लिए गोल्डन चौका जड़ने की उम्मीद ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन से है। उनका फाइनल मुकाबला रविवार रात 7:45 बजे होना है। दो बार की कांस्य पदक विजेता लवलीना की 75 किग्रा भारवर्ग में ऑस्ट्रेलिया की पार्कर एनी से भिड़ंत होगी।
